राहुल गांधी तो किसानों के साथ, सुशील मोदी किसके साथ : प्रवीण कुशवाहा
पटना। ट्रैक्टर से संसद पहुंचे राहुल गांधी पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के टिप्पणी बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है। बिहार कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष और आल इंडिया कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) के सदस्य प्रवीण सिंह कुशवाहा ने सुशील मोदी पर पलटवार करते हुए पूछा है, ‘राहुल गांधी तो अपने अन्नदाता के साथ हैं, सुशील मोदी बताएं कि वो किसके साथ हैं। क्या उन्हें देश के अन्नदाता से कोई मतलब नहीं है? अन्नदातों की समस्या देश की समस्या नहीं है? क्या देश के नेताओं को किसानों के साथ खड़ा नहीं होना चाहिए?’
श्री कुशवाहा ने व्यंग्य कसते हुए कहा कि दरअसल, जो पटनावासियों के साथ नहीं हो सकता है, वो देश के अन्नदाता के साथ कैसे हो सकता है। सुशील मोदी पटनावासियों को बाढ़ में भूखे-प्यासे छोड़कर खुद परिवार सहित दूसरे जगह शिफ्ट हो गए थे। जबकि पटनावासियों ने उन्हें कभी अपना जनप्रतिनिधि चुना था। लेकिन मोदीजी उन्हें भी दगा दे गए।
गौरतलब है कि सुशील मोदी ट्वीट ने कर राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि राहुल गांधी पंजाब में कांग्रेस के घर में लगी आग से ध्यान भटकाने के लिए ट्रैक्टर से संसद पहुंचने की नौटंकी कर रहे हैं।


