February 26, 2026

पटना में आज से अचानक बदला मौसम, 15 तक बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट

पटना। राजधानी पटना में अचानक मंगलवार को मौसम बदल गया। सुबह में अचानक से तेज वर्षा शुरू हो गई जिसके कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है। आज से शुरू हुई बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। जहां कल तक लोग खिली धूप का आनंद ले रहे थे वहीं आज से उन्हें एक बार फिर ठंड ने अपनी चपेट में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक मौसम विभाग ने भी अचानक बदले मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राजधानी सहित दक्षिण बिहार के ज्यादातर शहरों में वर्षा के आसार हैं। वहीं आज और कल दक्षिण बिहार के कुछ स्थानों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका जताई गई है। पटना, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया जिले के कुछ स्थानों में मेघगर्जन के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बारिश, ओलावृष्टि, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए किसानों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। मंगलवार को प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम एवं दक्षिण-मध्य भागों के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ बारिश होने को लेकर ऑरेंज और उत्तर-पश्चिम एवं दक्षिण-पूर्व भागों के एक-दो स्थानों में मेघगर्जन व वज्रपात के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 15 से 20 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार पूरवा एवं पछुआ के मिश्रण होने एवं आद्रता में वृद्धि के कारण दक्षिण बिहार में 15 से 50 एमएम तक बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल में ओलावृष्टि के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, वहीं पश्चिम चंपारण, सीवान, छपरा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, बांका, भागलपुर, जमुई, मुंगेर, खगड़िया में वज्रपात के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने किसानों को यह सलाह दी है कि वे अपनी फसलों का सुरक्षित भंडारण कर लें ताकि फसलों का बचाव हो सके।

You may have missed