बिहार : मुंगेर में नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी, शपथ ग्रहण परिसर से निकलते ही पुलिस ने दबोचा

मुंगेर। बिहार के मुंगेर नगर निगम क्षेत्र के 45 वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद और मुख्य पार्षद का शपथ ग्रहण आज शुक्रवार को मुंगेर किला परिसर स्थित संग्रहालय सभागार में आयोजित किया गया। वही सभी वार्ड पार्षद शपथ ग्रहण के लिए संग्रहालय सभागार में इकट्ठा हुए। जिसके बाद मुंगेर जिला निर्वाची पदाधिकारी अमरेंद्र साही ने सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को उनके पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वही इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी भी मौजूद थे। वही इसके बाद उप मुख्य पार्षद मोहम्मद खालिद हुसैन एवं तत्पश्चात मुख्य पार्षद कुमकुम देवी को शपथ दिलाई गई। वही शपथ ग्रहण के बाद सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद परिसर से बाहर निकले। तभी इन सभी वार्ड पार्षदों में से 27 नंबर वार्ड के वार्ड पार्षद अनिल सिंह को कोतवाली पुलिस ने बाहर निकलते ही गिरफ्तार कर उसे पुलिस वाहन में बिठा लिया। वही नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद के गिरफ्तारी होते देख थोड़ी देर के लिए वहां अफरा-तफरी भी मच गई। लेकिन पुलिस ने तुरंत ही स्थिति को काबू में किया और अनिल सिंह को गाड़ी में बिठा कर न्यायालय लेकर चले गए। जब तक सभी वार्ड पार्षद इसको समझते तब तक नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद अनिल सिंह को पुलिस ने कब्जे में लेकर संग्रहालय परिसर से निकल गई। नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद अनिल सिंह को शपथ ग्रहण के बाद परिसर से बाहर निकलने पर गिरफ्तारी के सवाल पर मुंगेर के कोतवाली थाना अध्यक्ष डीके पांडे ने बताया कि अनिल सिंह पर 9 जनवरी 2023 को न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट निर्गत हुआ था। वही इसी वारंट की तामीला के लिए नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद को शपथ ग्रहण के बाद परिसर से निकलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वही उन्होंने कहा कि गिरफ्तार वार्ड पार्षद को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।