मोकामा में पुलिस बनकर आए शातिरों ने ज्वेलरी शॉप से 1.5 लाख का सोना लूटकर फरार
मोकामा। बदमाश अब पुलिस की वर्दी पहन कर दुकानों को निशाना बनाने लगे हैं, जो पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। ऐसा ही मामला मोकामा में सामने आया है। पटना के मोकामा प्रखंड के हाथीदह थाना क्षेत्र के औंटा में पुलिस बनकर आये दो शातिर बदमाशों ने एक ज्वेलरी दुकान से डेढ़ लाख के सोना सहित दस हजार नकद दिनदहाड़े उड़ाकर चलते बने। इस संदर्भ में पीड़ित दुकानदार ने थाने में दोनों अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। वहीं पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है। इस बाबत हाथीदह थाना अध्यक्ष शोएब अख्तर ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही नकली पुलिस को पकड़ लिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, हाथीदह थाना क्षेत्र के औंटा निवासी शंभू प्रसाद की काली स्थान के पास मां वैष्णवी ज्वेलर्स की दुकान है। शुक्रवार को दो व्यक्ति काले रंग के मोटरसाइकिल से आये। जिसकी उम्र लगभग 45-50 वर्ष के आसपास होगी। दोनों ने मोकामा थाने का स्टाफ बताया और शादी में जेवरात खरीदने की बात कही। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि एक डब्बे में 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 8 पीस लॉकेट, 40 पीस नथुनी, एक मंगलसूत्र और दस हजार नकद रखे थे। उक्त डब्बे से जेवर निकाल कर दिखाने लगे। तभी उन्होंने बोला कि आप चोरी का सामान बेचते हैं। इसके बाद शातिर बदमाशों ने पुलिस का आई कार्ड भी दिखाया। इतने में एक दूसरे साथी ने फोन पर बात करते हुए कहा कि थाने से बड़ा बाबू का फोन आ रहा है। जल्दी जाना होगा। इतना कहते हुये ज्वेलरी भरा डब्बा ले लिया और बोला कि आप मोकामा थाना आइये। फिर बाइक से मोकामा के तरफ चले गये। पीछे से जब पीड़ित दुकानदार मोकामा थाना पहुंचा तो पता चला कि वे दोनों नकली पुलिस वाले थे।


