यूरिया की कमी चिंता का विषय, आपूर्ति सुनिश्चित करें BJP के MP-MLA : जायसवाल

पटना। बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि खेती-किसानी के इस मौसम में किसानों के लिए उर्वरक की समुचित उपलब्धता उसी तरह महत्वपूर्ण है, जैसे युद्ध में सैनिकों के लिए आयुध। किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही केंद्र सरकार इस बात को अच्छे से समझती है, इसीलिए सरकार द्वारा हर राज्य को पर्याप्त मात्रा में यूरिया की लगातार आपूर्ति की जा रही है। इसके बावजूद बिहार के कई जिलों से यूरिया की कमी होने की निरंतर शिकायतें आ रही हैं, जिसे पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकती है।
शुक्रवार को जारी बयान में डॉ. जायसवाल ने कहा कि केंद्र-राज्य सरकार के लगातार प्रयासों के बावजूद किसानों का उर्वरक की कमी से दो-चार होना चिंता का विषय है। इसके पीछे की वजह पता लगाना काफी आवश्यक है। इसीलिए मेरी भाजपा के सभी सांसदों व विधायकों से अपील है कि अपने-अपने जिलों में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक कर कारणों का पता लगाएं और उसे दूर करें। किसानों का हित हमारी प्राथमिकता सूची में सदैव शुमार रहा है और इसे पूरा करने के लिए भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धिता से काम कर रहा है।

You may have missed