PATNA : धनरूआ में उप मुखिया को अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली, गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर

पटना। राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी अनुमंडल क्षेत्र के धनरूआ प्रखंड में अज्ञात अपराधियों ने पभेडा पंचायत के उप मुखिया को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गये। गोली लगने से उप मुखिया अंगद कुमार घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि धनरूआ थाना क्षेत्र के पभेडा पंचायत के उप मुखिया अंगद कुमार शाम के समय अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने पीछे से उनपर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। बदमाशों ने उप मुखिया को तीन गोली मारी। जिसमें एक गोली कमर के ऊपरी हिस्से में लगी है। उसके बाद अपराधी भाग निकले। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। वही धनरूआ थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़ित का बयान नहीं आया है। हालांकि, घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। जिसको लेकर यह गोलीबारी की घटना हुई है। जांच की जा रही है। कई जगहों पर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

About Post Author

You may have missed