January 1, 2026

पटना में अनियंत्रित बाइक ट्रक से टकराई, युवक की दर्दनाक मौत

पटना। फतुहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह हादसा फतुहा फोरलेन पर धोबा पुल के पास हुआ। मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के खिरोधरपुर गांव के धनराज टोला निवासी उपेंद्र सिंह के इकलौते बेटे विकास कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी तब हुई जब शनिवार सुबह विकास के फोन पर उनके परिजनों ने कॉल किया और उन्हें मौत की खबर मिली। खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार मृतक विकास अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और उनकी एक बहन भी है। जानकारी के मुताबिक, विकास शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे अपने घर से निकले थे। वह अपने गांव खिरोधरपुर से फतुहा फोरलेन होते हुए दनियावां की ओर जा रहे थे। रास्ते में धोबा पुल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उनकी बाइक भी सड़क पर ही गिर गई। देर रात होने के बावजूद, घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत फतुहा थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही, फतुहा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमॉर्टम के लिए पटना स्थित एनएमसीएच भेज दिया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि सुबह मृतक की पहचान हो पाई। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विकास की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

You may have missed