चाचा ने भंग की लोजपा की सारी कमेटियां, भतीजा की रविवार को होने वाली बैठक को बताया असंवैधानिक

पटना। लोजपा दो गुटों में बंट गया है। एक पारस गुट तो दूसरा चिराग गुट। परिवार तें चाचा-भतीजा गुट के नूराकुश्ती का खेल जारी है। दोनों गुट लोजपा पर अपनी दावेदारी पेश करने में जुटे हैं। इधर पारस गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद चिराग पासवान के चाचा पशुपति कुमार पारस ने पार्टी की सभी इकाइयों को भंग कर दिया है। पारस ने कहा कि नये अध्यक्ष के चुनाव के साथ केन्द्रीय कमेटी तो स्वत: भंग हो गई, राज्यों के समितियों को भी भंग कर दिया गया। तत्काल काम करने के लिए आठ पदाधिकारियों की केन्द्रीय कमेटी बनाई गई है। एक सप्ताह में सभी कमेटियों का नये सिरे से गठन होगा। वहीं दूसरी ओर चिराग पासवान ने रविवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है।
पारस ने शनिवार को दिल्ली में प्रेस वार्ता कर जिस नई कमेटी की घोषणा की है, उसमें पार्टी की टूट के साथ कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किये गये सूरजभान का नाम नहीं है। अलबत्ता उनके भाई व सांसद चंदन को नई कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
पारस ने बताया कि पार्टी के सांसद चौधरी महबूब अली कैसर, सांसद वीणा देवी और सुनीता शर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। सांसद प्रिंस राज और चंदन सिंह के अलावा संजय सर्राफ व रामजी सिंह को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। विनोद नागर को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेवारी दी गई है। संजय सर्राफ व विनोद नागर को प्रवक्ता की जवाबदेही भी दी गई है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए पारस ने कहा कि रविवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की जो बैठक चिराग पासवान ने बुलाई है, वह असंवैधानिक है। अब कोई राष्ट्रीय कार्यकारिणी है ही नहीं। नई कार्यकारिण का गठन जल्द किया जाएगा। उस बैठक में भाग लेने वालों को पार्टी में जगह नहीं मिलेगी।

About Post Author

You may have missed