February 15, 2026

पूर्णिया में बोले उमेश कुशवाहा : जो बेहतर कार्य करेंगे, उन्हें अधिक सम्मान दिया जायेगा

पटना। बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पूर्णिया के टाउन हॉल में जिला कार्यकारिणी एवं प्रखंड अध्यक्षों के साथ ही पंचायत के साथियों के साथ शनिवार को बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुये श्री कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के जिला कार्यकारिणी, प्रखंड अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष को जिम्मेवारी दी गई है उसे निभाने के साथ ही पार्टी के नेता के द्वारा बिहार में हर क्षेत्र में जिस ढ़ंग से विकास का कार्य किया गया, उस रूप से परिणाम नहीं आया। इसलिए पूरी गंभीरता से काम करने की जरूरत है। पंचायत से लेकर जिला तक संगठन मजबूत करना है, जो साथी बेहतर कार्य करेंगे, उन्हें अधिक सम्मान दिया जायेगा।
लेसी सिंह बोली, पार्टी की आत्मा कार्यकर्ता
वहीं मंत्री लेसी सिंह ने श्री कुशवाहा को धन्यवाद देते हुये कहा कि किसी भी पार्टी की आत्मा कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं के मेहनत से ही पार्टी का संगठन मजबूत होगा। जिले में प्रदेश अध्यक्ष के आने से पार्टी और आगे बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार का जो सपना है, उसे हम साकार कर जमीन पर उतारने का काम करेंगे।
सासंद बोले, किसानों को उचित मूल्य के लिए सरकार प्रयासरत
पूर्णिया सांसद संतोष कुशवाहा ने बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि सीएम नीतीश के द्वारा बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पुल-पुलिया जैसे कई कार्यों को जमीनी स्तर पर पूरा करने का काम किये हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में सब्जी की खेती को तीन सेक्टर में बांटा गया है। उचित मूल्य के लिए सरकार काम रही है, परिणाम आपके सामने जल्द ही आ जायेगा। सहकारी समिति समूह बनाकर काम करेंगे एवं भंडारण की भी व्यवस्था होगी।
बैठक में उपस्थित
उक्त अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, महासचिव आशिष कुमार बब्बू, प्रदेश प्रवक्ता निखिल मंडल व अरविन्द निषाद के साथ ही अतिपिछड़ा, अल्पसंख्यक, महिला, युवा, किसान, दलित, महादलित एवं छात्र प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सहित जिला मुख्य प्रवक्ता, लोकसभा प्रभारी, विधानसभा प्रभारी एवं सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।

You may have missed