November 28, 2025

शिक्षक दिवस पर दिल्ली में बिहार के दो शिक्षक होंगे सम्मानित, राष्ट्रपति प्रदान करेगी पुरस्कार

पटना। शिक्षक दिवस के अवसर पर बिहार के दो शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान भारत के राष्ट्रपति द्वारा 5 सितंबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने इस वर्ष देशभर के 50 शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया है, जिसमें बिहार के दो शिक्षक भी शामिल हैं। बिहार से चयनित शिक्षकों में डॉ. मीनाक्षी कुमारी और सिकंदर कुमार सुमन का नाम शामिल है। डॉ. मीनाक्षी कुमारी मधुबनी जिले के शिवगंगा गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी उत्कृष्ट शिक्षण विधियों और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है। वहीं, कैमूर जिले के तरहनी के न्यू प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर सिकंदर कुमार सुमन भी इस सम्मान के लिए चयनित हुए हैं। उनके नेतृत्व में स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए बिहार राज्यस्तरीय चयन समिति ने कुल छह शिक्षकों के नामों की सिफारिश की थी। इन सभी शिक्षकों का प्रेजेंटेशन राष्ट्रीय चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। चयन प्रक्रिया में डॉ. मीनाक्षी कुमारी और सिकंदर कुमार सुमन को उत्कृष्टता के आधार पर चुना गया। अन्य सिफारिश किए गए शिक्षकों में पश्चिमी चंपारण के डुमरिया इस्टेट उच्च माध्यमिक विद्यालय की सहायक शिक्षक मेरी आडलिन, नवादा के सिरदला हेमजा के भारत उच्च माध्यमिक विद्यालय के सहायक शिक्षक राजेश कुमार शामिल थे। हालांकि, इस बार मीनाक्षी कुमारी और सिकंदर कुमार सुमन को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करने का गौरव मिलेगा। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होना किसी भी शिक्षक के लिए गर्व की बात होती है। यह पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र में उनके अद्वितीय योगदान और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को मान्यता देता है। बिहार के इन शिक्षकों का चयन राज्य के शिक्षा स्तर को उच्च बनाने में उनके योगदान का प्रमाण है और यह न केवल उनके लिए बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। इस सम्मान के जरिए यह भी संदेश जाता है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण ही शिक्षक के उत्कृष्ट कार्य का आधार होते हैं। इस तरह के सम्मान न केवल शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हैं बल्कि अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। इस अवसर पर बिहार के चयनित शिक्षक डॉ. मीनाक्षी कुमारी और सिकंदर कुमार सुमन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने से राज्य का गौरव बढ़ा है।

You may have missed