September 25, 2026

नवादा में ई-श्रम कार्ड बनाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार, 55 आधार कार्ड जब्त

नवादा। नवादा में ई-श्रम कार्ड बनाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए अपराधियों में जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के महेषडीह गांव निवासी जितेंद्र कुमार तथा नगर थाना क्षेत्र के न्यू मोहल्ले का सत्येंद्र कुमार शामिल है। यह जानकारी डीएसपी सह साइबर थाना थानाध्यक्ष प्रिया ज्योति ने दी। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को साइबर फ्राड की शिकायत मिली थी। जिसके आलोक में टीम गठित कर छापेमारी की गई। इसी क्रम में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के पास से 18 मोबाइल, 5 मोबाइल बैट्री, 223 सिम कार्ड, 20 पासबुक, 55 आधार कार्ड, 12 एटीएम कार्ड, 12 ड्राइविंग लाइसेंस, 4 पैन कार्ड, 2 ई श्रम कार्ड, 1 वोटर कार्ड, 2 चेकबुक, 103 इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक कार्ड, 4 पैन ड्राइव, 3 आधार कार्ड का फिंगर प्रिंट मशीन, 32 फोटो प्रिंट पेपर बरामद की गई है। डीएसपी ने बताया कि दोनों श्रम कार्ड बनाने के नाम पर लोगों को ठगने का काम करते थे। दोनों आमलोगों को लालच देते थे कि कार्ड बनने के बाद सरकार की ओर से 55 सौ रूपए मिलेंगे, जिसमें 500 रुपए एजेंट को देना है। भोले-भाले लोगों को लालच देने के बाद उनके अंगूठे का निशान और आधार कार्ड ले लेते थे। फिर उसके माध्यम से मोबाइल का सिम खरीदा जाता था और फिर इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक का खाता खोला जाता था। खाता खोलने के बाद अकाउंट नंबर साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दिया जाता था। उन अकाउंट पर साइबर अपराध के पैसे जमा किए जाते थे। डीएसपी ने बताया कि इसमें अन्य अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।

You may have missed