August 20, 2025

कामयाबी : बाढ़ में सरिया लदे ट्रक लूटने की मंशा से आए 5 अपराधी अरेस्ट, फर्जी डीटीओ बनकर करते थे लूट

बाढ़। बाढ़ और मोकामा इलाके में सरिया लदे ट्रकों को लूटने की मंशा से आए अपराधियों को समय रहते त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। एएसपी लिपि सिंह ने बताया कि छापामारी अभियान के दौरान सुजीत राय पछियारी मलाही (बाढ़), पप्पू यादव, विपिन कुमार, कृष्णा सिंह, विक्रम कुमार सभी खगड़िया, अलौली को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से दो देशी कट्टा, तीन गोलियां, मोबाइल फोन और पांच हजार नगद रुपए भी बरामद किए गए हैं। इन अपराधियों ने बाढ़ और मोकामा के बीच सरिया लदे ट्रक को लूटने की योजना बनाई थी। अपराधियों के जमावड़े की सूचना मिलने के बाद बाढ़ थानाध्यक्ष संजीत कुमार सिंह ने तत्काल घेराबंदी शुरू की। तीन जगहों पर चेकिंग प्वाइंट लगाया गया। बाढ़ थाना के पुलिस कर्मियों की तत्परता के कारण इन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले यह लोग खगड़िया के अलौली और मुजफ्फरपुर में भी सरिया लदे ट्रक को लूट चुके हैं। शेखपुरा में भी सरिया लदे ट्रक को लूटने की बात अपराधियों ने स्वीकार कर ली है। बेगूसराय और समस्तीपुर में भी इन अपराधियों द्वारा लूट की वारदातों को अंजाम दिया गया था। सुजीत राय और पप्पू यादव की तलाश रांची पुलिस भी कर रही थी। रांची के नामकुम में वनस्पति लदे ट्रक को पिछले साल इन अपराधियों ने लूट लिया था। इसके अलावा रांची के टाटा सिल्वे थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में भी सुजीत और पप्पू फरार चल रहे थे। खगड़िया के अलौली इलाके में भी अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। गिरोह के सदस्य फर्जी डीटीओ बनकर लूटपाट करते थे। अपराधियों द्वारा विजय कुमार नाम के निजी शिक्षक को हायर किया गया था। विजय कुमार को कोट पैंट पहना कर डीटीओ के रूप में परिचय कराया जाता था तथा गाड़ियों की चेकिंग के बहाने ट्रकों को रोका जाता था। ड्राइवर के उतरते ही गिरोह के सदस्य उसे अपने कब्जे में ले लेते थे। सरिया लदे ट्रक इनके सॉफ्ट टारगेट रहते थे। गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि सरिया लदे ट्रक आसानी से बिक जाते थे और उन्हें किसी गोदाम में तत्काल छिपा दिया जाता था। गिरफ्तारी की सूचना रांची, शेखपुरा, मुजफ्फरपुर, खगड़िया जिलों की पुलिस को दे दी गई है। इन अपराधियों ने अब तक 15 से अधिक लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। सभी वारदातों में फर्जी डीटीओ बनकर ही घटना को अंजाम दिया गया था।

You may have missed