सासाराम और नालंदा में जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई, हिंसा हुई नहीं बल्कि कराई गई : सीएम नीतीश

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सासाराम और नालंदा में कुछ लोगों की ओर से जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। बिहार में हिंसा हुई नहीं, कराई गई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि 2 लोग हैं, एक राज कर रहा है और दूसरा उसका एजेंट है। यही लोग सब करवा रहे हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा में हुई हिंसक झड़प साजिश का हिस्सा है, लेकिन प्रशासन ने सही तरीके से सब कुछ संभाला है। एक-एक आदमी से सब कुछ पूछा जा रहा है। जल्द ही आप लोगों को सब पता चल जाएगा। इससे पहले सीएम ने कहा था कि यह सब होना बड़े दुख की बात है। हमने कह दिया है कि कौन गड़बड़ करता है, जांच कीजिए। इस तरह की घटना नहीं होती थी। सब दिन अच्छे ढंग से चल रहा था। थोड़ा बहुत इधर उधर होता था, उस पर एक्शन भी करते थे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा है कि अभी तक बिहार में हुए दंगे की जांच रिपोर्ट नहीं आई है तो फिर मुख्यमंत्री कैसे इस मामले पर बयानबाजी कर रहे हैं। 72 घंटे तक फ्लैग मार्च क्यों नहीं हुआ? केंद्रीय बल ने आकर सुरक्षा दी है, तब स्थिति सुधर रही है।
हालात को काबू करने के लिए मुस्तैदी से काम किया गया : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को जल जीवन हरियाली पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में बिहार में हुए हिंसक झड़प पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि सासाराम और बिहारशरीफ में कुछ लोगों ने जानबूझ कर गड़बड़ किया। इसलिए ऐसे हालात बने। बिहार में पहले बहुत ही झंझट होता था। हमारे आने के बाद यह सब खत्म हुआ। हमने इस हालात को काबू करने के लिए मुस्तैदी से काम किया है। उन्होंने कहा कि अमित शाह को सासाराम जाना था। इसलिए यह सब करवाया गया। जानबूझकर बिहार में यह घटनाएं कराई गई हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार किया गया। अब हर घर में जाकर जानकारी ली जा रही है। कुछ दिन बाद घटना का कारण सब पता चलेगा।
ओवैसी केंद्र सरकार के एजेंट के साथ भाजपा के खास हैं और हमलोग के खिलाफ जानबूझकर बोलते है : सीएम
सीएम ने कहा कि ओवैसी केंद्र सरकार के एजेंट हैं। भाजपा के खास हैं और हमलोग के खिलाफ जानबूझकर बोलते रहते हैं। ओवैसी की बातें मीडिया में काफी छपती हैं। लेकिन बड़ी-बड़ी पार्टियों की खबरें नहीं छपती है। नीतीश कुमार ने कहा कि सभी जाति धर्म के लोगों को हम अलर्ट कर रहे हैं। अधिकारियों को भी अलर्ट करके रखा है। सासाराम और बिहारशरीफ की घटनाओं में प्रशासनिक लापरवाही नहीं हुई है। जिन्होंने जानबूझकर गड़बड़ी की है। उसकी खोज की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। बीजेपी में एंट्री बंद होने के बयान पर नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा को याद रखना चाहिए। मेरे साथ रहकर उनको राजनीति में कितना फायदा मिला। यह उन्हें भूलना नहीं चाहिए। इन लोगों का यह तरीका है, कुछ बोलते रहना। हम उसे नोटिस नहीं लेते हैं। सुशील मोदी के लाल किला के फोटो वाले बयान पर कहा कि सुशील मोदी को बोलना ही है, उनके पास और कोई उपाय नहीं है। अगर नहीं बोलेंगे तो भाजपा उनको निकाल देगी।

About Post Author

You may have missed