October 29, 2025

RJD के अलग होने से वापस लौट रहे कांग्रेस के परंपरागत मतदाता : भक्त चरण

  • कांग्रेस के खिलाफ मुखर लेकिन भाजपा के लिए मौन है राजद

पटना। राजद से अलग होने के कारण कांग्रेस के पारंपरिक मतदाता वापस अपनी पार्टी कांग्रेस की तरफ आ रहे हैं। ये बातें बिहार विधानसभा उपचुनाव में प्रचार समाप्ति के बाद कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के नवनिर्माण और जनहित से जुड़े मुद्दे पर लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हम मजबूती से दोनों सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं और परिणाम भी सार्थक आने वाले हैं। उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव से कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के चुनावी बातचीत का भी खंडन किया।
भक्तचरण दास ने कहा कि बिहार कांग्रेस के सभी नेताओं सहित जाप प्रमुख पप्पू यादव, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता कन्हैया कुमार के व्यापक जनसम्पर्क कार्यक्रमों के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने बिहार सरकार के मंत्रियों द्वारा सरकारी मशीनरियों के दुरुपयोग की बात भी कही। उन्होंने बताया कि बिहार में कांग्रेस ने यह लड़ाई एनडीए और राजद दोनों के खिलाफ छेड़ी है और कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता और नेता इस लड़ाई में मजबूती से साथ निभा रहे हैं, साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को आगामी लड़ाई के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
इस दौरान विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्र, मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, विधायक सन्तोष मिश्र, ब्रजेश कुमार मुनन, प्रवक्ता असित नाथ तिवारी, ज्ञान रंजन, स्नेहाशीष वर्धन पांडेय सहित प्रमुख नेता मौजूद रहे।

You may have missed