पटना समेत प्रदेश के 18 जिलों में आज वज्रपात का अलर्ट, हल्की वर्षा भी आसार

पटना। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने बिहार में अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी समेत सूबे के दक्षिणी भागों में कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ मध्यम दर्जे की वर्षा व मेघ गर्जन व वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के उत्तरी भाग के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। जिन जिलों में बारिश और मेघ गर्जन की स्थिति है उनमें बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया शामिल हैं। बिहार में मानसून की सक्रियता बढ़ते ही पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में शनिवार और रविवार को वर्षा हुई। पटना में रविवार की दोपहर और फिर शाम में बारिश के दो झोंके आये। हालांकि दोपहर में हुई बारिश की वजह से थोड़ी उमस की स्थिति भी बनी रही। इससे पहले शनिवार शाम से ही प्रदेश के अधिकतर भाग में 30 से 35 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
रविवार को चेनारी में सबसे अधिक बारिश
रविवार को रोहतास के चेनारी में 44 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद प्रदेश का गर्म शहर रहा। मौसम विज्ञानी के अनुसार मानसून ट्रफ का पूर्वी छोर हिमालय की तलहटी से व पश्चिमी छोर बरेली, कानपुर, उत्तर पश्चिम छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, दीघा होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी की ओर गुजर रही है। इन सभी मौसमी प्रभावों के कारण प्रदेश में हल्के से मध्यम स्तर की वर्षा का पूर्वानुमान है।

About Post Author

You may have missed