September 15, 2025

दरभंगा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आवास में चोरी, 10 लाख के गहने व नगद ले उड़े चोर

दरभंगा । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के दरभंगा स्थित आवास को मंगलवार की रात चोरों ने निशाना बनाया। 10 लाख के गहने व नगद लेकर रफूचक्कर हो गए। डॉ. मदन मोहन झा के किराएदार शंभू झा के घर में यह चोरी हुई है।

वह डीएमसीएच में मेडिकल ऑफिसर के पद पर हैं। वह घर में ताला बंद कर अपने चाचा के द्वादशा कर्म में शामिल होने के लिए गांव गए थे। इसी बीच रात में सुनसान घर में चोरों ने चोरी की।

किराएदार शंभू झा का कहना है कि वे मंगलवार की शाम छह बजे घर में ताला लगाकर गांव अपने चाचा के द्वादशा कर्म में शामिल होने गए थे। रात में चोर मकान का ताला तोड़ कर घर में घुस गए और सोने-चांदी, हीरे के गहने व कपड़े समेत करीब एक लाख नगद उड़ा ले गए।

ये सामान मेरी बहू व बेटी के थे। सुबह जब मैं घर वापस आया तो देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और सारा सामान बिखरा है। कमरे में जब अलमारी और सेफ को चेक किया तो वहां से गहने और नगद नहीं थे।

किरायेदार शंभू झा ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब है और कोलकाता में उनका इलाज चल रहा है। इसकी वजह से पूरे मकान में वे अकेले ही रह रहे थे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय थाना पुलिस को चोरी की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष ने बताया कि डॉ. मदन मोहन झा के मकान में किरायेदार के घर से गहनों और 91 हजार नगद की चोरी हुई है। इसका खुलासा करने के लिए पुलिस अधिकारियों की टीम बनाई गई है। जल्द इसका पर्दाफाश किया जाएगा और चोरों की गिरफ्तारी होगी।

कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने इस मकान को अपने एक रिश्तेदार को किराए पर दे रखा है। वे कभी-कभी इस आवास पर आते हैं। चोरी की इस घटना के बाद पुलिस की मुस्तैदी पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

You may have missed