PATNA : सचिवालय थाना के पास पेंट कारोबारी से बदमाशों ने लूटे 1.90 लाख रुपये
पटना। राजधानी पटना के अतिसंवेदनशील सचिवालय थाना क्षेत्र के भिखारी ठाकुर पुल के नीचे बाइक सवार दो बदमाशों ने पेंट कारोबारी से 1.90 लाख रूपये की लूट की घटना को अंजाम देकर पटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। ताज्जुब की बात यह है कि जहां यह लूट हुई है वहां से मात्र कुछ दूरी पर ही थाना है। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कारोबारी की पेंट की दुकान संपतचक में स्थित है।
मिली जानकारी के अनुसार, पेंट कारोबारी सोमवार को दोपहर करीब 1.30 बजे सोन भवन स्थित बैंक आॅफ इंडिया से 1.90 लाख की निकासी कर अपनी बाइक से चितकोहरा की ओर जा रहे थे। इस दौरान वे आरओबी पर चढ़े और भिखारी ठाकुर पुल पर होते हुए नीचे गोलंबर के पास पहुंचे। इसी बीच उनका बैंक से ही पीछा करते हुए रहे दो बदमाशों ने चलती गाड़ी में उनके गर्दन में लगे बैग को झटके से छीन लिया, जिसके कारण कारोबारी की बाइक असंतुलित हो गयी और सड़क पर गिर गये। जिसके कारण उनके हाथ-पांव व सिर में काफी चोटें आयी है। वहीं बदमाश पेंट कारोबारी की दशा देखकर मुस्कुराते हुए वहां से फरार होने में सफल हो गये। इसके बाद कारोबारी सचिवालय थाना पहुंचे और घटना की जानकारी दी।


