September 17, 2025

दिवाली के बाद प्रदेश में तेजी से गिरेगा तापमान, बदलते मौसम से रहें सावधान

पटना। बिहार में मौसम शुष्क बना हुआ है। राज्यभर में उत्तरी पछुआ हवा का प्रभाव है। अभी इसकी गति आठ से दस किमी प्रतिघंटे है। इसके प्रभाव से राज्य भर में तापमान नियंत्रित रह रहा है। अगले कुछ दिनों में इसका प्रभाव और बढ़ेगा। दिवाली के बाद राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वही अगले तीन दिनों तक दिन के तापमान में विशेष गिरावट नहीं आएगी लेकिन रात का तापमान दो से तीन डिग्री तक नीचे आ सकता है। इस वजह से रात में और सुबह में ठंड की सिहरन थोड़ी बढ़ेगी। प्रमुख शहरों में आसमान सामान्यत साफ रहेगा लेकिन दिवाली बाद ग्रामीण इलाकों में सुबह और शाम में धुंध बढ़ने के आसार हैं। जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य के उत्तर भाग में एक दो जगहों पर आंशिक बारिश हुई। जबकि, पटना के कुछ इलाकों में भी दोपहर बाद दस से 15 मिनट तक झमाझम बारिश देखी गई। हालांकि स्टेशन व आसपास के इलाकों में आंशिक बूंदाबांदी रही। इस बारिश से इलाके के तापमान पर असर पड़ सकता है। मौसमविदों के मुताबिक दक्षिण पूर्व बिहार और दक्षिण मध्य बिहार में 24 अक्टूबर से अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की कमी आएगी। वहीं प्रदेश में बदलते मौसम को लेकर मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण प्रदेश में वायरल फीवर तथा डेंगू बुखार का संक्रमण चरम पर पहुंच चुका है। वही दिन और रात के तापमान में अंतर से भी लोगों की परेशानी बढ़ रही है जिसको देखते हुए प्रदेश के डॉक्टरों में भी प्रदेशवासियों से मौसम को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है।

You may have missed