February 13, 2026

पटना पहुंचते ही ईडी के समन पर तेजस्वी का बयान, उपमुख्यमंत्री बोले- यह सब तो चलता रहेगा

पटना। दिल्ली में इंडिया गठबंधन की चौथी बैठक खत्म हो चुकी है। बैठक में विपक्षी एकता और विपक्षी दलों की आगामी रणनीति को लेकर कई सकारात्मक फैसला किए गए वहीं बिहार में भी एक बड़ी घटना देखने को मिली। बता दे कि केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और वर्तमान उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को पूछताछ के लिए बुलाया है। इसी कड़ी में गुरुवार देर रात तेजस्वी यादव नई दिल्ली की यात्रा कर पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि ये तो रूटीन है हम पहले भी जा चुके हैं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ तेजस्वी यादव गुरुवार को दिल्ली से पटना लौंटे। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि 2017 से लेकर 2023 तक लगातार ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स ने पूछताछ के लिए हमें बुला चुकी है। हम तो हमेशा से जाते भी रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि जांच एजेंसियां क्या करेगी उनके ऊपर भी प्रेशर है। ये तो चलता ही रहेगा। उन्होंने कहा कि हम तो पहले ही बोले थे कि एजेंसी वालों की इसमें क्या गलती है। उन लोगों पर इतना प्रेशर है कि एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। एक बात तो पहले से तय था कि चार राज्यों में चुनाव खत्म होने के बाद जांच एजेंसियां अब बिहार, झारखंड और दिल्ली में काम करेगी। इंडिया गठबंधन की दिल्ली में हुई बैठक पर तेजस्वी ने कहा कि मीटिंग में सब कुछ अच्छा हुआ। वही तेजस्वी को ईडी का समन भेजे जाने पर केंद्रीय मंत्री व बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। गिरिराज ने आगे कहा कि लालू जी ने कह दिया है कि तेजस्वी को बिना मुख्यमंत्री बनाये बिहार नहीं चलेगा।

You may have missed