तेजस्वी बताएं कि सदन में उनकी आवाज क्यों लड़खड़ा रही थी: प्रभाकर मिश्र
- किसी दवा का असर था, या कोई और बात थी, सदन में तेजस्वी ने अमर्यादित भाषा और शब्द का किया इस्तेमाल
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव हार की हताशा से अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। वे सदन में जिस तरह से बातें कर रहे थे और जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे, उसे कहीं से भी उचित नहीं ठहराया जा सकता। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सदन में नेता प्रतिपक्ष जिस तरह से अपनी बातें रख रहे थे, उससे यह साफ जाहिर था कि वे सामान्य स्थिति में नहीं हैं। तेजस्वी यादव एक जिम्मेदार पद पर हैं, इसलिए उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके बयान में नाखून उखड़ने की पीड़ा थी, या कोई और बात थी?
श्री मिश्र ने कहा कि तेजस्वी जिस भाषा का सदन में इस्तेमाल कर रहे थे, वह भी सदन की मर्यादा के अनुकूल नहीं थी। ‘उखाड़ने’ जैसे शब्द का उन्होंने जिस संदर्भ में इस्तेमाल किया, उसे कभी सही नहीं ठहराया जा सकता। श्री मिश्र ने कहा कि बिहार में ‘कानून का राज’ है। अपराधियों के हौसले पस्त है। अगर कोई कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करता है, तो वह 24 घंटे के भीतर पुलिस की गिरफ्तार में होता है। तेजस्वी यादव पहले अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं, सदन में आवाज लड़खड़ाने की वजह कुछ और तो नहीं थी? ऐसे सवाल लोगों के मन उठ रहे हैं, तेजस्वी को ऐसे सवालों का जवाब देना चाहिए।


