तेजस्वी ने केंद्र-राज्य सरकार पर बोला हमला, कहा- देश में जनसंख्या नियंत्रण से बड़ा मुद्दा महंगाई और भ्रष्टाचार
- 18 जुलाई को प्रखंड मुख्यालय एवं 19 जुलाई को जिला मुख्यालयों पर महंगाई के खिलाफ महागठबंधन करेगा विरोध प्रर्दशन
पटना (संतोष कुमार)। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह की अध्यक्षता में बैठक कर यह फैसला लिया गया है कि 18 जुलाई को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर तथा 19 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रर्दशन किया जायेगा। जनता की आवाज पार्टी के सभी नेता एवं कार्यकर्ता उठायेगें और डबल इंजन कि सरकार को चैन से बैठने नहीं देगें जब तक बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली जाती है।
गरीबों का खून चूस ही केन्द्र एवं राज्य सरकार
बुधवार को बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि गरीबों का खून चुसने का काम केन्द्र एवं राज्य सरकार कर रही है। महंगाई के कारण आम लोगों का जीना दुभर हो गया है। बेरोजगारी बढ़ रही है और गरीब एवं मध्यम वर्ग काफी परेशान है। केन्द्र की मोदी सरकार ने महंगाई को खत्म करने और अच्छे दिन लाने का वादा करके आयी थी, लेकिन आज केन्द्र की नीतियों के कारण चंद लोगों को ही फायदा पहुंच रहा है।
प्याज का माला पहनकर आंदोलन करने वाले कहां हैं
उन्होंने कहा कि महंगाई का विरोध करने वाले केन्द्र में जो आज मंत्री बने हैं, उस समय गैस सिलेंडर और प्याज का माला पहनकर आंदोलन किया करते थे। आज वो लोग कहा है, यह देश की जनता पूछ रही है। पेट्रोल100 पार कर लिया है, रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से महिलाएं परेशान हैं। डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण रोजमर्रा की वस्तुएं आसमान छू रही हैं। केन्द्र सरकार को यह बताना चाहिए कि जब कच्चे तेल की कीमतें अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लगातार कम हो रही है, तब देश और बिहार में लगातार कीमतों में वृद्धि का क्या कारण है। आज किसान भी तबाह हैं और महंगाई के कारण आम लोगों के खाने पर भी मुसीबत आ गई है।


जनसंख्या नियंत्रण से बड़ा मुद्दा महंगाई और भ्रष्टाचार
तेजस्वी ने आगे कहा कि जनसंख्या नियंत्रण से बड़ा मुद्दा महंगाई और भ्रष्टाचार है। लेकिन इस पर कहीं कोई चर्चा नहीं है। कोविड से बचाव के लिए वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ब्लैक फंगस की कहीं कोई दवा उपलब्ध नहीं है। जबकि सरकार ने वादा किया था कि 6 महीने में 6 करोड़ वैक्सीन लगाया जायेगा। लेकिन यह कहीं उपलब्ध हीं नहीं है। आंकड़ों की बाजीगरी करने में डबल इंजन की सरकार नं.-1 है।
आम जनों की आवाज बनेगा विपक्ष
उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर सदन तक आम जनों की आवाज राजद और महागठबंधन बनेगा। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस एवं खाद्य के कीमतों तथा महंगाई के विरोध में सभी महागठबंधन दलों का साथ लेकर आंदोलन किया जायेगा।
सभी विधायकों की सुरक्षा की मांग
वहीं तेजस्वी ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखे जाने पर आगे कहा कि 23 मार्च 2021 को विधानसभा के अंदर लोकतंत्र को कलंकित किया गया, महिलाओं तक को नहीं छोड़ा गया, जब तक पदाधिकरियों पर कार्रवाई नहीं होती है सभी विधायकों में डर बना हुआ है। मैंनें सभी विधायकों की सुरक्षा की मांग की है।
घूसखोरी राज्य सरकार की परंपरा बनी
उन्होनें कहा कि भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह नीतीश कुमार हैं, यह इस बात से समझा जा सकता है कि जब इनके ही मंत्री बड़े पदाधिकारी और प्रधान सचिव पर भ्रष्टाचार की बातें करते है तब नीतीश कुमार मौन हो जाते हैं और उन पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें संरक्षण देते हैं। आज चारों ओर बिना घूस के कोई काम नहीं हो रहा है। घूसखोरी राज्य सरकार की परंपरा बन गई है। यहीं इनके विकास का फार्मूला है। ईमानदारी से काम करने वाले और सच्च बोलने वाले पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र पर चर्चा के लिए 25 जुलाई को महागठबंधन के सभी नेताओं के साथ बैठ कर आगे की रणनीति पर चर्चा की जायेगी।
ये नेता रहे मौजूद
संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन, आलोक कुमार मेहता,मुख्य प्रवक्ता भाई विरेन्द्र, प्रवक्ता रामानुज प्रसाद, शक्ति सिंह यादव, एज्या यादव, एजाज अहमद, चितरंजन गगन, प्रंर्शात कुमार मंडल सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

