पटना में राजद कार्यालय के विस्तार की जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे तेजस्वी, केंद्र पर फिर किया हमला

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यालय का विस्तार किया जा रहा है। बगल वाले प्लॉट में सफाई कराई जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को इसका जायजा लेने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव खुद पहुंचे। तेजस्वी ने कहा कि केंद्र में एनडीए की सरकार है, 2 करोड़ रोजगार का क्या हुआ? बिहार में 5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है। बड़ी बहाली निकली गई है। 10 लाख नौकरी का हमारा कमिटमेंट है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के मामले में एक नंबर पर बिहार है। जीडीपी में डबल डिजिट में हम लोग आ गए हैं। इसमें बिहार अव्वल हो गया है। यह केंद्र का आंकड़ा है। बीजेपी को क्या समझ में आता है? देश की स्थिति देख लीजिए बांग्लादेश से भी पीछे है। हम कुछ समय में नेपाल से भी पीछे हो जाएंगे। इसलिए बीजेपी वाले डेवलपमेंट के बारे में ना ही बोले तो अच्छा है। इस मौके पर उन्होंने कहा है कि सबसे कम जगह राजद के पास ही थी। बगल की जमीन की मांग काफी पहले की गई थी। नियम अनुसार यह जमीन राजद को मिली है। इसमें जंगल-झाड़ था। उसका सही उपयोग होना चाहिए था। तेजस्वी ने लालू प्रसाद की जमानत रद्द करने के लिए कोर्ट गई सीबीआई पर कहा कि यह बात समझ लीजिए कि यह कोर्ट का मामला है। बैडमिंटन तो एक-दो शॉर्ट लालू ने खेला। वैसे जितने बीमार व्यक्ति हैं, सबको अस्पताल में भेज देना चाहिए क्या। बीमार आदमी कुछ नहीं कर सकता क्या। लालू प्रसाद मीटिंग क्यों नहीं कर सकते। क्यों नहीं लोगों से मिल सकते हैं।
