तेज प्रताप के करीबी छात्र राजद नेता मनोज की गोली मारकर हत्या,तेज प्रताप यादव ने सरकार पर बोला हमला
पटना।कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरों के मद्देनजर लगाए गए राष्ट्रव्यापी लॉक डाउन के बावजूद बिहार में आपराधिक वारदातों में बेतहाशा वृद्धि जारी है।सामान्य अपराध के अतिरिक्त राजनीतिक हत्याएं भी हो रही है।कल वैशाली में दबंग मुखिया पति की हत्या कर दी गई।वहीं आज छात्र राजद के प्रदेश सचिव की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।मृतक छात्र नेता मनोज कुमार राजद सुप्रीमो लालू यादव के पुत्र पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव के करीबी बताए जाते हैं।छात्र राजद के प्रदेश सचिव रहे मनोज कुमार की हत्या दिनारा के करहगर में गोली मारकर कर दी गई।

छात्र राजद के प्रदेश सचिव मनोज कुमार बक्सर के पानापुर के रहने वाले थे।वह राजद अध्यक्ष लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के बेहद करीबी भी थे। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव के राजनीतिक गतिविधियों में मृतक मनोज कुमार का बढ़ चढ़कर हिस्सा रहता था।अपनी पार्टी के छात्र नेता मनोज कुमार की हत्या के बाद तेज प्रताप यादव ने नीतीश सरकार को कहते हुए करारा वार किया है।प्रदेश में विधि व्यवस्था की स्थिति को लेकर तेज प्रताप ने निशाना साधते हुए कहा है कि कुशासनी राक्षस ने अब हमारे एक मजबूत सिपाही को निगल लिया है।

