October 28, 2025

मधुबनी में नाबालिक किशोर को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में डीएमसीएच रेफर

मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के खुटौना थाना क्षेत्र के सिहूला गांव के पास बाधार में एक 16 साल के किशोर को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी। पेट में गोली लगने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार घायल किशोर खुटौना निवासी सुरेश साह का बेटा है। थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। घायल किशोर को तत्काल खुटौना सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद किशोर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है। लेकिन अब तक हमलावर का कोई सुराग नहीं मिला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के बढ़ते हौसले ने इलाके को असुरक्षित बना दिया है। पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल, पिछले कुछ दिनों में खुटौना में अपराध की घटनाएं बढ़ गई है। हाल ही में खुटौना बाजार में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई थी। इन घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़कर इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करें।

You may have missed