भोजपुर में ससुराल में दामाद की संदिग्ध मौत, शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
भोजपुर। बिहार के भोजपुर में ससुराल आए दामाद की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। नाक पर खून और दाहिन हाथ पर खून के निशान मिले हैं। परिजनों ने पत्नी और ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान बक्सर जिले के डेहरा गांव निवासी रूपेश कुमार चौधरी उर्फ शैलेश चौधरी के तौर पर हुई है। सोनवर्षा बाजार में श्रृंगार का दुकान चलाता था। घटना अगिआवं बाजार थाना क्षेत्र के लोहई डेरा गांव की है। बुधवार को मृतक की सास ने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत काफी खराब है और अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना पर परिजन ससुराल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि रूपेश की मौत हो गई है और शव घर लाया जा रहा है। बाद में परिजनों ने शव को अपने घर लाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।मृतक के भाई ने बताया कि रूपेश की शादी 28 अप्रैल 2024 को हुई थी। शादी के महज एक सप्ताह बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। आरोप है कि पत्नी का किसी और से संबंध था और उसने मां के सहयोग से अन्य लोगों को बुलाकर मारपीट कर रूपेश की हत्या कर दी। रूपेश चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। मौत के बाद मां फुलवासो कुंअरका रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संदेहास्पद है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही कार्रवाई तय होगी।


