कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने सीएम नीतीश को सौंपा इस्तीफा, राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने की पुष्टि

पटना। बिहार के सियासी गलियारे से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दें कि जब से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी है तब से महागठबंधन की सरकार लगातार विवादों में बनी हुई है। पहला विवाद बिहार के पूर्व कानून मंत्री कार्तिक सिंह को लेकर उठा था जबकि दूसरा विवाद बीते कई दिनों से बिहार के कानून मंत्री सुधाकर सिंह को लेकर चल रहा था। इसी बीच आज बिहार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने अपना पद छोड़ते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इस्तीफे देने की पुष्टि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के द्वारा की गई है। बता दें कि जब से राजद कोटे से सुधाकर सिंह को कृषि मंत्री बनाया गया तब से ही सुधाकर सिंह बेबाकी से कृषि विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को खुले मंच से जनता के सामने मुखर रूप से रखते नजर आ रहे थे। एक सभा में उन्होंने कृषि विभाग के सभी अधिकारियों को चोर तथा खुद को चोरों का सरदार बताया था। सुधाकर सिंह लगातार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अपनी सरकार के ऊपर हमलावर नजर आ रहे थे। इस बात का नजारा तब दिखा था जब मुख्यमंत्री की कैबिनेट बैठक में सीएम नीतीश के जवाब मांगने के बाद सुधाकर सिंह बिना कुछ बोले उठ कर चले गए थे। इस्तीफे के संबंध में सुधाकर सिंह के पिता और राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने अपना इस्तीफा सरकार के पास भेज दिया है। जगदानंज सिंह ने कहा है कि बिहार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने किसानों के प्रश्न को उठाया है लेकिन सिर्फ प्रश्न उठाने से कुछ नहीं होता है उसके लिए त्याग भी करना पड़ता है। जगदानंद सिंह ने कहा है कि हम नहीं चाहते हैं कि कोई लड़ाई आगे बढ़े। सरकार अच्छी तरह से चले इसके लिए सुधाकर सिंह ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

About Post Author

You may have missed