सहायक लोको पायलट भर्ती को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन; पुलिस पर पथराव, कई गिरफ्तार

पटना। राजधानी पटना में सहायक लोको पायलट भर्ती को लेकर छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र ने कदमकुआं और राजेंद्र इलाके में हजारों छात्रों ने सड़क पर उतर गए। राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के पास अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस पर भी पथराव किया। पुलिस ने मौके से कई प्रदर्शनकारियों को पकड़ा है। ट्रैक जाम होने से यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन को देखते हुए आरपीएफ और पटना पुलिस राजेन्द्र नगर स्टेशन के पास कैंप कर रही है। इसकी मॉनिटरिंग के लिए सदर एएसपी रेल पुलिस अधिकारी के साथ भारी संख्या में स्टेशन परिसर समेत अन्य जगहों पर फ्लैग मार्च किया है। सड़क पर उतरे छात्रों की पहली मांग ये है कि रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) सिर्फ 5659 पदों पर बहाली निकाली है। उसे बढ़ाकर कम से कम एक लाख से अधिक किया जाए। दूसरी मांग है कि एग्जाम का कैलेंडर जारी किया जाए। छात्र किसी संगठन के नेतृत्व में प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल सीतामढ़ी के रहने वाले छात्र रजनीश कुमार ने बताया कि हमलोग पांच साल से मेहनत कर रहे थे। लगभग 5000 बहाली निकाली गई है। उम्मीद थी कि नोटिफिकेशन 1 लाख बहाली की होगी, लेकिन 5 हजार वेकैंसी ही निकली है। अब हमलोग कहां जाएंगे। सुसाइड करने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उतर प्रदेश, झारखंड, बिहार समेत सभी स्टेट के छात्र धीरे-धीरे इस बहाली के खिलाफ सड़क पर आएंगे। हमलोगों की मांग है कि डेढ़ से दो लाख पदों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके साथ ही हमलोगों का एग्जाम कैलेंडर भी जारी किया जाए। रेल डीएसपी सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि लोक पायलट में बहाली कम निकली है। जिसके आलोक में सूचना मिली थी कि स्टूडेंट्स के द्वारा रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। ऐसे में छात्रों के इस आंदोलन को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में बल की तैनाती की गई है। यहां 200 से अधिक संख्या में पुलिस बल हैं। लोकल पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी, बीएमपी के सहयोग से आंदोलन को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि 2018 में आरआरबी के द्वारा 2018-2019 में लगभग 64371 पदों पर बहाली निकाली गई थी। उसके बाद जनवरी 2024 में 5696 पदों पर बहाली निकाली गई है। जिसका छात्र पुरजोर विरोध कर रहे हैं।

About Post Author

You may have missed