पटना समेत पुरे बिहार में तेज हवा और बारिश से बढ़ी ठंड, ओला गिरने की संभावना के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी

पटना। गुरुवार की रात पटना के 100 किलोमीटर के दायरे में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवैया चली। इन तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश भी हुई। रात 10 बजे से शुरू हुई बारिश रात 1 बजे तक होती रही। इस दौरान बादल गरजे। बिजली कौंधी। तेज हवा के कारण कई इलाकों में घंटों बिजली कटी रही। बारिश की वजह से ठंड बढ़ गयी। कई जगह ठनका का अलर्ट भी जारी किया गया। पटना के अलावा सीवान, सारण, वैशाली, भोजपुर और बक्सर में तेज गर्जना के साथ बारिश दर्ज की गयी है। देर रात की सूचना के मुताबिक उत्तरी बिहार में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर व मुजफ्फरपुर में भी बारिश शुरू हो गयी। दरअसल बिहार में पश्चिमी विक्षोभ और एक प्रति चक्रवात सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से अगले 48 घंटे लगातार बारिश होने के आसार बन गये हैं। पुरवैया के चलते प्रदेश के वातावरण में नमी सामान्य से कई गुना अधिक हो गयी है।

बिहार में 45 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं मौसम का रुख बदल रही हैं। गुरुवार रात शुरू हुई हवा की यह गति शुक्रवार को भी जारी है। राज्य के 38 जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, जिसमें पटना सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में मौसम का प्रभाव अन्य जिलों की अपेक्षा काफी अधिक दिखाई देगा। हालांकि, बारिश और तेज हवा के बाद भी न्यूनतम तापमान में गुरुवार को कोई खास कमी नहीं देखी गई, जिससे ठंड से थोड़ी राहत रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम बिहार के 5 जिलों पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, उत्तर मध्य बिहार के 7 जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर दक्षिण पश्चिम बिहार 6 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल तथा दक्षिण पूर्व बिहार के 5 जिलों भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और उत्तर पूर्व बिहार के 7 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार में मौसम का येलो अलर्ट है।
गुरुवार रात पटना सहित राज्य के 26 जिलों में तेज हवा की रफ्तार नहीं थमी है। पटना सहित बिहार के 26 जिलों में आकाशीय बिजली की कड़क जारी रही। आकाशीय बिजली के चमकने और बादलों के गरज से रात का सन्नाटा टूट रहा था। पटना में रात लगभग साढ़े 9 बजे से आकाशीय बिजली का कड़कना शुरू हुआ, जो 10 बजे तक काफी तेज हो गया। पटना सहित राज्य के अन्य 26 जिलों में भी यही हाल रहा है। मौसम विभाग ने पटना सहित राज्य के 26 जिलों में 3 फरवरी को गरज के साथ बारिश का अलर्ट किया था। बताया था 3 और 4 फरवरी को बारिश का सिस्टम पूरी तरह से एक्टिव रहेगा। ऐसा देश में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार और पड़ोसी राज्यों में हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में पछुआ हवा का प्रवाह सतह से 1.5 किलो मीटर ऊपर तक हो रहा है।