December 17, 2025

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आठवे दिन भी जारी: निगम ने किया वैकल्पिक व्यवस्था का दावा, चलेगा विशेष सफाई अभियान

पटना। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का आज आठवां दिन है। सड़ रहे कचरे से दुर्गंध आ रही है, जिससे राहगीरों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। निगम का दावा है कि वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। लेकिन, यह इंतजाम नाकाफी साबित हो रही है। हालांकि, आने पर्व त्योहार को देखते हुए पटना नगर निगम द्वारा हर दिन वार्ड में अतिरिक्त 20 मजदूरों को रख कर उनसे सफाई और कूड़ा उठाव का कार्य लिया जाएगा। पटना में 1500 अतिरिक्त सफाईकर्मियों को रखा गया है। इनके द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए दैनिक सफाई मजदूर के समतुल्य राशि का ही भुगतान किया जाएगा। पटना नगर निगम द्वारा रात में में विशेष टीम के द्वारा लगातार सफाई और कूड़ा उठाव का कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है। मंगलवार रात को नगर आयुक्त द्वारा रात्रि कार्य के दौरान निरीक्षण कर शहर के सफाई का जायजा भी लिया। पटना नगर निगम द्वारा विशेष रात्रि अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान में पदाधिकारी कर्मचारी और सफाई कर्मचारियों द्वारा रात में घूम-घूम कर पूरे शहर की संपूर्ण सफाई करेंगे। रात 8 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक यह विशेष अभियान आयोजित किया गया है। इस दौरान सभी कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, टास्क फोर्स की टीम सफाई करेगी। अटल पथ, कुर्जी, गांधी मैदान, बोरिंग रोड, नेहरू पथ एवं अन्य इलाकों के लिए मुख्यालय की टीम तैनात की गई है।
चुना और ब्लीचिंग पाउडर का भी होगा छिड़काव
विशेष सफाई अभियान के दौरान पटना नगर निगम की टीम न सिर्फ सड़कों की सफाई करेगी बल्कि साफ हो चुके स्थलों पर चुना और ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव किया जाएगा। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की गाड़ी में बेलचा, झाड़ू, चुना, ब्लीचिंग पाउडर रखा गया। हड़ताल के बीच जो कर्मी सफाई के लिए निकल रहे हैं, उन्हें हड़ताली कर्मचारी रोक रहे हैं। इन उपद्रव करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यह कर्मी दोबारा पटना नगर निगम में कार्य नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही ऐसे प्राथमिकी वाले कर्मियों का ड्राइविंग लाइसेंस कैंसिल करने के लिए पटना नगर निगम द्वारा डीटीओ को पत्र लिखा जाएगा। जो हड़ताली कर्मचारी नगर निगम के सफाई कार्य में लगे कर्मियों से मारपीट कर रहे हैं उन्हें अब निगम के शत्रु के रूप में चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे लोगों को न सिर्फ कानूनी कार्रवाई की जा रही है बल्कि उन्हें आगे के कार्यों से ब्लैक लिस्ट भी किया जाएगा। चिन्हित हड़तालियों की तस्वीरों को भी वीएमडी पर दिखाया जाएगा। उपद्रवियों पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है।

You may have missed