BIHAR : नालंदा के कतरीसराय में गांजा पीने को पैसे नहीं दिए तो पत्नी के सिर में मार दी गोली, हत्यारा पति फरार

नालंदा। नालंदा के कतरीसराय थाना क्षेत्र में पति ने गांजा पीने के लिए रुपये नहीं देने पर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि अभी मामला स्पष्ट नहीं है लेकिन पुत्र से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक पति-पत्नी में दो वर्षों से विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय कंचन देवी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कतरीसराय थाना क्षेत्र के बरीठ गांव में मंगलवार की सुबह गांजा पीने के लिए रुपये नहीं देने पर पति शंभू पांडेय ने 40 वर्षीय कंचन देवी के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आरोपित पति फरार होने में सफल रहा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी प्रदीप कुमार व थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि महिला के पुत्र से पूछताछ की गई। पुलिस आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था। शंभु पांडेय मृतका कंचन देवी के साथ अक्सर मारपीट करता था। छह महीने पहले उसने मारपीट की थी, जिसकी प्राथमिकी कंचन देवी ने दर्ज कराई थी। बाद में पुलिस ने दोनों के बीच समझौता कराया। मृतका के 22 वर्षीय पुत्र संदीप पांडेय ने बताया कि उसके पिता को घर से कोई लेना-देना नहीं था। जब भी मां घर खर्च के लिए रुपये मांगती तो वे मारपीट करते थे। इतना ही नहीं, जब पिता से वह खुद की पढ़ाई के लिए पैसे मांगता तो पिता घर छोड़कर भाग जाते। मंगलवार की सुबह पिता ने मां से गांजा पीने के लिए रुपये मांगे। मां ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं तब पिता ने पिस्टल निकालकर उनके सिर में गोली मार दी। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि शंभु दिल्ली में मजदूरी करता था। लॉकडाउन के कारण वह गांव में ही रह गया। गांव में किसी से उसकी नहीं बनती थी।
