September 17, 2025

बांग्लादेश में तख्तापलट: शेख हसीना का इस्तीफा, बहन के साथ देश छोड़कर भागी

नई दिल्ली। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार देश में चल रहे हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच अपनी पद से इस्तीफा दे दिया। इतना ही नहीं वह राजधानी ढाका छोड़ किसी ‘सुरक्षित जगह’ के लिए निकल गई हैं। पहले ये खबर आ रही थी कि वह फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी जा सकती हैं, लेकिन अब खबर है कि वह भारत आ रही है। शीर्ष सूत्रों के हवाले से बताया कि उन्हें पश्चिम बंगाल में रिसीव करने के लिए तैयारी चल रही है। हसीना ने अपनी बहन के साथ शेख रेहाना के साथ देश छोड़कर चली गई हैं।शेख हसीना के ढाका से भागने की तस्वीरें भी सामने आ गई हैं। इसी वीडियो में कई गाड़ियां और एक हेलीकॉप्टर दिखाई दे रहा है। इसी हेलीकॉप्टर में शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना के देश छोड़ने की खबर है। दूसरी तरफ एक और तस्वीर सामने आई है, जिसमें कई प्रदर्शनकारी ढाका में प्रधानमंत्री आवास में घुस गए और हसीना के देश छोड़े जाने पर जश्न मनाते दिखे। प्रदर्शनकारियों ने आज दोपहर करीब तीन बजे गोनो भवन के दरवाजे खोल दिए और लोग प्रधानमंत्री आवास के परिसर में प्रवेश कर गए। इससे पहले हसीना अपनी बहन के साथ यहां से जा चुकी थीं। बताया गया है कि वह जाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड करना चाहती थीं लेकिन उनको इसकी इजाजत नहीं दी गई। ढाका में पीएम हाउस का दरवाजा खोलते और अंदर घुसते लोगों का वीडियो भी सामने आया है। इसमें हजारों लोगों को बेखौफ पीएम हाउस में हुडदंग करते देखा जा सकता है। सुरक्षाकर्मी या पुलिस का कोई कर्मचारी वहां नहीं दिख रहा है। इससे साफ है कि सेना ने प्रदर्शनकारियों को खुली छूट दे रखी है। यहां तक कि लोग पीएम हाउस से बहुत से सामान भी उठाकर ले जा रहे हैं। सामने आए फुटेज में प्रदर्शनकारियों को राजधानी ढाका में प्रधान मंत्री के आधिकारिक आवास से कुर्सियां और सोफा जैसा सामान ले जाते हुए देखा गया है। ढाका में बंग्लादेश को बनाने वाले शेख मुजीब की मूर्ति भी तोड़ दी गई है। बताया गया है कि शेख हसीना ने सुरक्षित स्थान के लिए उड़ान भरी है। दावा किया जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल आ रही हैं। हालांकि अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। दूसरी ओर बांग्लादेश की राजधानी में अराजकता चरम पर पहुंच गई है। ढाका में भारी भीड़ उमड़ रही है और सेना लोगों को शहर में आने से नहीं रोक रही है। माना जा रहा है कि सेना प्रमुख के भाषण के बाद सेना मोर्चा संभाल सकती है। बांग्लादेश में बीते कुछ दिन में सियासी घटनाक्रम तेजी से बदला है। बांग्लादेश में बीते कुछ दिन में हुए प्रदर्शन में 300 लोगों की जान गई है। रविवार को हसीना के इस्तीफे की मांग के दौरान हुए हिंसा में कुछ घंटों के भीतर ही 100 लोगों की जान गई। इसके बाद राजधानी ढाका पर प्रदर्शनकारियों ने पूरी तरह कब्जा कर लिया। इसके बाद हसीना को देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।

You may have missed