बेतिया में आर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, चार ठिकानों पर छापेमारी, 16 नाबालिकों को बचाया

बेतिया। बेतिया में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में सेक्स रैकेट चल रहा था। पुलिस की टीम ने सुबह 4 बजे सेक्स रैकेट के ठिकानों पर छापेमारी की तो बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने 16 नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू किया। इसमें दो लड़कियों की मां ने 10 और 5 हजार में ऑर्केस्ट्रा संचालक को बेच दिया था। वहीं, कुछ लड़कियों को उनके दोस्तों ने पैसे की लालच में फंसाकर ऑर्केस्ट्रा में धकेल दिया था। बताया जा रहा है कि 14 लड़कियां पश्चिम बंगाल और 2 नेपाल की रहने वाली हैं। इन लड़कियों को नौतन, बैरिया और जगदीशपुर से बरामद किया गया है। एक नाबालिग लड़की ने बताया कि मुझे पायल नाम की लड़की यहां लेकर आई थी। उसने मेरी मम्मी से कहा कि इससे डांस करवाया जाएगा, जिससे बहुत पैसे मिलेंगे। पैसे की लालच में मेरी मां ने 10 हजार में बेच दिया। इतना ही नहीं उन्होंने मेरी छोटी बहन को भी 5 हजार रुपए में बेच दिया। मेरे साथ रामसागर नामक व्यक्ति ने गलत काम किया है। उसने दो और लड़कों से गलत काम करवाया है। इसमें मेरे माता-पिता भी शामिल हैं। वो पैसे के लिए मेरे साथ लड़कों को गलत काम करने देते हैं। मेरे पेट में अभी रामसागर के शख्स का बच्चा है।
2 साल से लड़कियों के साथ हो रहा था गंदा काम
बेतिया में यह खेल पिछले 2 साल से चल रहा था। ऑर्केस्ट्रा संचालक अलग-अलग जिलों में इन लड़कियों को डांस कराने के नाम पर भेजता था। 2 घंटे तक डांस करवाने के बाद उनके साथ ऑर्केस्ट्रा संचालक फिजिकल होते थे। जो लड़की इसके लिए मना करतीं थीं, उनके साथ मारपीट की जाती थी। इस मामले की जानकारी मिशन मुक्ति फाउंडेशन को लगभग 1 साल से मिल रही थी। लेकिन वे यहां तक पहुंच नहीं पा रहे थे।
10 ऑर्केस्ट्रा संचालक अरेस्ट
20 फरवरी को मिशन मुक्ति फाउंडेशन के साथ मिलकर एक टीम बनाई। 20 फरवरी की रात 2 बजे से कार्रवाई शुरू करते हुए अहले सुबह 4 बजे सभी लड़कियों को बरामद किया। इसके साथ ही 10 ऑर्केस्ट्रा संचालक को गिरफ्तार किया गया। इन 16 लड़कियों में से एक लड़की को आरोपी ने 2 बार प्रेग्नेंट कर दिया। पहली बार प्रेग्नेंट होने पर 8 महीने में उसका अबॉर्शन करवाया गया। ये घटना 1 साल पहले की है। उस समय लड़की की जान को जोखिम में डाल दिया गया था, लेकिन वो बच गई। दूसरी बार फिर से उसे प्रेग्नेंट कर दिया गया। फिलहाल, लड़की एक महीने की प्रेग्नेंट है। इस लड़की को जिस ऑर्केस्ट्रा वाले ने खरीदा था, वो 2-3 लड़कों से पैसा लेकर इसके साथ गलत काम करवाता था। सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि, मिशन मुक्ति फाउंडेशन के जरिए हमें जानकारी मिली कि नाबालिग लड़कियों से जबरदस्ती ऑर्केस्ट्रा में डांस करवाया जा रहा है। हमने रात 3 बजे छापेमारी की। इस दौरान 16 लड़कियों को बरामद किया गया है। पुलिस सभी नाबालिग लड़कियों के परिजनों से सम्पर्क कर रही है।
