पटना समेत 17 जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग में जारी किया पूर्वानुमान, लोगों को किया सावधान

पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिख रहा है। राज्य के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार की दोपहर से ही मौसम ने करवट ली, जिसके बाद राजधानी पटना सहित कई जिलों में बादल छा गए और कई जगहों पर जोरदार बारिश भी हुई। इसी क्रम में मौसम विभाग ने 18 अगस्त के लिए 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, बांका, मुंगेर और खगड़िया सहित कुल 17 जिले इस अलर्ट की चपेट में हैं। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ-साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। इन जिलों में 64 से 115 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि अन्य हिस्सों में हल्की बारिश (करीब 15 मिमी तक) होने की संभावना है। भारी बारिश की स्थिति में बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होगी, लेकिन हवा में नमी की अधिकता के कारण उमस काफी परेशान करेगी। दिन में तेज धूप और उमस लोगों के लिए चुनौती बन सकती है, हालांकि बारिश होने पर कुछ राहत जरूर मिलेगी। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 20 अगस्त से मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। इस दौरान मानसून की द्रोणिका दक्षिण बिहार से गुजरेगी, जिससे बारिश की तीव्रता और बढ़ जाएगी। साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 20 से 27 अगस्त के बीच बिहार के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। विशेष रूप से दक्षिण बिहार के गया, औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर और बक्सर जिलों में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। लगातार बारिश से जलभराव और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति बन सकती है, जिससे बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन को संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने की जरूरत है, ताकि लोगों की सुरक्षा और जन-जीवन पर पड़ने वाले असर को कम किया जा सके। कुल मिलाकर बिहार में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज काफी बदला-बदला रहेगा। एक ओर बारिश लोगों को उमस से राहत दिला सकती है, वहीं दूसरी ओर भारी बारिश और जलभराव जैसी चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं। ऐसे में सावधानी और सतर्कता ही लोगों को सुरक्षित रख सकती है।

You may have missed