बीजेपी के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर ने पीएम मोदी को कहा लोकतंत्र के सबसे बड़े रक्षक, बोले- भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था सबसे मजबूत
पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा है कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था सबसे मजबूत है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लोकतंत्र के सबसे बड़े रक्षक हैं। उन्होंने ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भारत के पड़ोसी सहित विश्व के कई देशों में लोकतंत्र आज खतरे में दिख रहा है। वहीं, भारत में लोकतंत्र की जड़ें दिनों-दिन और मजबूत हो रही हैं। विश्व के लोकतांत्रिक देशों को भारत से सीख लेनी चाहिए। आगे नंदकिशोर यादव ने कहा कि दो दिवसीय लोकतंत्र शिखर सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली संबोधित किया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने लिए कई सुझाव दिए।

नंदकिशोर यादव ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी भी है और इस प्रजातांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देने में सक्षम भी है। माननीय प्रधानमंत्री जी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास में लोकतांत्रिक शक्तियां निहित है। आम हो या खास सबको बराबर अधिकार प्राप्त है। कानून सबके लिए बराबर है। यही सच्चा और वास्तविक लोकतंत्र है, जो भारत में दिखता हैं और महसूस किया जाता है।
आगे ने कहा कि चाहे कोई भी दल हो, जो लोकतंत्र शक्तियों का हनन करेगा, जनता उस दल को कभी माफ नहीं करेगी। आज देश की सबसे बड़ी पार्टी अपने किये का फल भोग रही है।

