February 12, 2026

पटना : 28 तक अलग-अलग चौराहों पर चलेगा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

डाकबंगला चौराहा पर लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने सड़क पर उतरे एनसीसी कैडे्टस

पटना। आम लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की ओर से एनसीसी निदेशालय और कम्यूनिटी पुलिस द्वारा राज्यभर में सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। जागरूकता अभियान की शुरूआत शुक्रवार को राजधानी के एग्जीबिशन रोड चौराहा से किया गया। शनिवार को डाकबंगला चौराहा पर एनसीसी के कैडेट्स ने यातायात जागरुकता कार्यक्रम चलाया। अन्य जागरूकता कार्यक्रमों के साथ लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट बांधेने के तरीके बताये।
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि राज्यभर में सड़क सुरक्षा जागरुकता के लिए एनसीसी का सहयोग लिया गया है। पटना सहित अन्य जिलों में भी कई तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलों में जागरूकता कार्यक्रमों के लिए रोस्टर तैयार किया गया है। रोस्टर के आधार पर विभिन्न तिथियों में अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम चलाया जाएगा।
राजधानी में शनिवार को डाकबंगला चौराहा पर खड़े होकर एनसीसी के महिला व पुरुष कैडे्टस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले को रोक कर उनसे नियमों के पालन करने की अपील की। बिना बेल्ट लगे हेलमेट पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल पर हेलमेट का बेल्ट लगाया गया। इसके साथ ही सभी लोगों से हेलमेट, सीट बेल्ट लगाकर ही वाहन चलाने की अपील की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार, ग्रुप समादेष्टा, पटना ने किया। इसमें 26 बिहार बटालियन के 20 कैडेट्स एवं पदाधिकारी शामिल थे। वहीं 16 दिसंबर को गोला रोड और 18 दिसंबर को अनीसाबाद गोलंबर पर एनसीसी द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

You may have missed