पटना के अटल पथ पर पूर्व मंत्री वीणा शाही के स्टाफ से दिनदहाड़े 45 लाख की लूट, प्रशासन में मचा हड़कंप

पटना। राजधानी पटना में सोमवार दोपहर बिहार की एक  पूर्व मंत्री के कर्मचारी से 3 बाइक पर सवार 5 अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस के कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया है। कैश लूट की यह घटना अटल पथ पर हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पाटलिपुत्रा थाना समेत पटना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस न्यू पाटलिपुत्रा से लेकर अटल पथ के वारदात स्थल तक में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है। फुटेज के जरिए पता किया जा रहा है कि अपराधी कहां से पीछे लगे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी के अटल पथ पर दोपहर 3:15 बजे पूर्व मंत्री वीणा शाही का असिस्टेंट मैनेजर संजीव सिंह व्हाइट कलर की कार से अपने एक साथी के साथ 45 लाख रुपए पूर्व मंत्री के न्यू पाटलिपुत्रा स्थित घर से लेकर चला था। उसे आर ब्लॉक स्थित सोन भवन के बैंक आॅफ इंडिया के ब्रांच में रुपए जमा करना था। कार में संजीव, उसका एक साथी स्टाफ और ड्राइवर चंदन शर्मा था।
संजीव सिंह के अनुसार, न्यू पाटलिपुत्रा से अटल पथ पर आए। कार कुछ दूर आगे उदय चौक के पास पहुंची ही थी कि एक बाइक अचानक से ड्राइवर के साइड सट गई। इसके बाद बाइक सवार ने गाड़ी में स्क्रेच लगने की बात कह जबरन कार को रूकवा दिया और बहस करने लगा। इसी बीच 2 बाइक पर सवार 4 और अपराधी वहां पहुंच गए। सभी ने कार को घेर पिस्टल निकाला। इसके बाद आरटीजीएस फॉर्म वाला बैग लिया। फिर कैश से भरा झोला छीनने की कोशिश की। जब विरोध किया तो अपराधियों ने ड्राइवर और संजीव को थप्पड़ भी मारा। इसके बाद पिस्टल का डर दिखाकर कैश वाला झोला लूटकर आसानी से फरार हो गए। संजीव के अनुसार, पूर्व मंत्री का वैशाली में होंडा का शोरूम है। बिजनेस के कलेक्शन का रुपए लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे। सभी अपराधियों ने मास्क और हेलमेट से अपने चेहरे को कवर कर रखा था। वहीं सिटी एसपी सेंट्रल अम्बरीश राहुल ने घटना की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने लूटे गए कैश को 45 की जगह 41 लाख रुपए बताया है।
बता दें वीणा शाही बिहार में कांग्रेस की सरकार में मंत्री रह चुकी है। बीच में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में भी रही हैं। पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले वापस कांग्रेस में शामिल हो गई थीं।

You may have missed