बाढ़ में जिला कार्यकारिणी की बैठक : आधी आबादी को मजबूत करने में जुटी राजद महिला प्रकोष्ठ

बाढ़। रविवार को मलाही गांव में राजद महिला प्रकोष्ठ की जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष नमिता नीरज ने की। इस दौरान बैठक के मुख्य अतिथि प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. उर्मिला ठाकुर के सानिध्य में दर्जनों महिलाओं ने राजद की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. उर्मिला ठाकुर ने कहा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह एवं आलोक मेहता के निर्देशानुसार अब तक 5 जिलों का दौरा कर जिला कार्यसमिति की समीक्षा की गई है। इसी क्रम में आज यहां महिला प्रकोष्ठ के जिला कार्यकारिणी की बैठक की समीक्षा की। डॉ. ठाकुर ने आगे कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर महिला प्रकोष्ठ को सशक्त एवं मजबूत बनाने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। आधी आबादी को मजबूत करने के लिए राजद महिला प्रकोष्ठ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
बैठक की शुरूआत में महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष नमिता नीरज ने फूल मालाओं और अंग वस्त्र देकर प्रदेश अध्यक्षा एवं जिला अध्यक्ष को सम्मानित किया। इस दौरान राजद जिलाध्यक्ष महेश प्रसाद सिंह, जिला प्रवक्ता मिथिलेश यादव, प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र पासवान, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के परशुराम समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
