लालू की सजा पर राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने दी प्रतिक्रिया, बोले- लालू यादव एक विचारधारा हैं, जेल जाने से नहीं होगा खत्म

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव समेत 38 दोषियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आज सजा सुनाई गई। डोरंडा चारा घोटाला केस में रांची की सीबीआई की विशेष अदालत ने यह सजा सुनाई है। जिसके बाद राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि राजद स्वयं इस बिहार की आवाम की उम्मीद है जिस उम्मीद के सबसे बड़े नेतृत्व कर्ता लालू प्रसाद है। न्याय प्रणाली पर भरोसा होते हुए भी सीबीआई पर कोई भरोसा हमलोग को नहीं है। सीबीआई ने जो प्रस्तुत किया है वो सीबीआई जानती है। लेकिन जो भी सीबीआई और भाजपा वालों और नीतीश जी की इच्छा है।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि इतना जान लीजिए जिस हालत में हमारे नेतृत्व में रखे लेकिन बिहार की जनता का विश्वास है कि जहां भी लालू प्रसाद होंगे उनका विचार उनके हृदय में है। बहुत लंबे समय तक कैद करने के बावजूद लालू जी को बिहार की जनता के दिल से कोई नहीं निकाल पाया। चारा घोटाला में लालू प्रसाद यादव से जुड़े झारखंड में कुल पांच मामले हैं। इनमें से चार मामलों में उन्हें पहले से सजा मिल चुकी है और इन सभी मामलों में वे जमानत पर हैं। जिसके बाद आज चारा घोटाले के सबसे बड़े डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में भी सीबीआई की विशेष अदालत ने इन्हें सजा सुनायी है।