प्रदेश में मौसम बदलने से गर्मी से मिली राहत, पटना समेत अन्य जिलों में वज्रपात के साथ बारिश का अलर्ट जारी

पटना। बिहार में मौसम ने मंगलवार को करवट ली। लोग गर्मी और उमस से परेशान थे। इस बीच पटना में आधी रात को इस गर्मी पर बादल गरजे और झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली। फिलहाल पूरे प्रदेश में पूर्वी व दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह बना हुआ है। वहीं, झारखंड के उत्तरी भाग में एक चक्रवाती परिसचंरण का क्षेत्र समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24-48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी भागों मुख्य रूप से आंधी पानी के साथ बिजली चमकने व हल्की से मध्यम स्तर के बारिश का पूर्वानुमान है जबकि राजधानी पटना व इसके आसपास क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ बिजली चमकने के आसार हैं।

इन सभी मौसमी प्रभाव को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मंगलवार को पुरवा हवा के प्रभाव के कारण पटना के अधिकतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दो डिग्री की गिरावट के साथ पटना का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री की गिरावट के साथ 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 1.6 डिग्री की वृद्धि के साथ 41.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान डेहरी का रहा। इसके साथ ही प्रदेश के औरंगाबाद, गया, पटना, नालंदा, नवादा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका, जमुई, समस्तीपुर जिलों के तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई।