अकलियतों के घर-घर जाकर पहुंचाएं सीएम नीतीश का पैगाम : आरसीपी

  • राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष का अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक महिला प्रकोष्ठ एवं बुनकर प्रकोष्ठ से संवाद

पटना। जदयू मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक महिला प्रकोष्ठ एवं बुनकर प्रकोष्ठ से संवाद किया।
संवाद के क्रम में आरसीपी सिंह ने कहा कि अकलियतों को ये एहसास कराएं कि जदयू उनकी पार्टी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी बेहतरी के लिए योजनाओं की कतार लगा दी है। उन्होंने कभी उनके हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया है। संगठन के साथी अकलियतों के घर-घर जाकर सीएम नीतीश का पैगाम पहुंचाएं। किसी मुद्दे पर उनकी कोई गलतफहमी हो तो उसे दूर करें। वहीं महिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ को लेकर उन्होंने कहा कि हमलोगों ने हमेशा आधी आबादी की बात की है, इसलिए अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए एक अलग प्रकोष्ठ बनाया गया है। पार्टी की नेत्रियां घरों के आंगन तक जाकर अल्पसंख्यक महिलाओं को मुख्यधारा में ला सकती हैं और उनके बीच नेतृत्व का विकास कर सकती हैं। हमारी बातों को अवाम तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
श्री सिंह ने आगे कहा कि गांव-गांव जाकर संगठन तैयार करें और जिन्हें पद दें उन्हें जिम्मेदारी भी दें। संगठन में सबके काम करने की गुंजाइश है। कार्यकर्ताओं की टुकड़ी बनाकर संपर्क अभियान चलाएं। लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने में पूरी मदद करें। उन्होंने कहा कि अपनी गतिविधियों का केन्द्र प्रखंड को बनाएं और नीचे पंचायत एवं बूथ तो ऊपर जिला एवं प्रदेश से समन्वय बनाकर चलें।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि संगठन को धार देने के लिए लगातार कार्यक्रमों का होना जरूरी है। संगठन के हर स्तर पर आपकी गतिविधि होती रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों के दौरे का उनका कार्यक्रम लगातार चलता रहेगा।
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ से संवाद के दौरान विधानपार्षद एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रभारी तनवीर अख्तर, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ (उत्तर बिहार) के अध्यक्ष मो. जमाल अख्तर, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ (दक्षिण बिहार) के अध्यक्ष एलेक्जेंडर खान एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं अल्पसंख्यक महिला प्रकोष्ठ की ओर से उत्तर बिहार की अध्यक्ष कहकशां परवीन, दक्षिण बिहार की अध्यक्ष अंजुम आरा व अन्य उपस्थित रहीं। बुनकर प्रकोष्ठ की ओर से उत्तर बिहार के अध्यक्ष लियाकत अंसारी, दक्षिण बिहार के अध्यक्ष राजेश पाल व अन्य मौजूद रहे।

बिहटा के रेफरल अस्पताल में लापरवाही से दो नवजात की मौत, परिजनों का हंगामा, लगाए ये आरोप

You may have missed