सत्ताधारी दल की गुलामी कर रहा चुनाव आयोग, सुर्खियों में रहने के लिए कुछ भी बोलते रहते हैं सुमो : तेजस्वी

पटना। राजद ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर सवाल खड़ा किया है। बिहार विधान सभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भी तेजस्वी यादव चुनाव आयोग पर भड़के थे। आरोप लगाया था कि सत्ता पक्ष के लोगों को जितवाया गया है। इस बार प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनाव प्रचार पर रोक लगाने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आयोग सत्ताधारी पार्टी की गुलामी कर रहा है। भाजपा के आईटी सेल की तरह चुनाव आयोग काम करने लगा है। तेजस्वी ने पटना एयरपोर्ट पर ये बातें कही। वे झारखंड के मधुपुर उपचुनाव में प्रचार के लिए जा रहे थे। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी पर भी निशाना साधा। बता दें तेजस्वी ने मंगलवार को झारखंड के मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी हफीजुल हसन अंसारी के पक्ष में दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया। तेजस्वी ने ट्वीट करते हुए लिखा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार के जनप्रिय कार्यों के बदले मधुपुर की जनता ने अपना विधायक चुनने का मन बना लिया है।
सुशील मोदी पर भड़के तेजस्वी
सुशील मोदी के बयानों को लेकर सवाल पूछे जाने पर तेजस्वी यादव भड़क गए। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी को तो पार्टी ने ही साइडलाइन कर दिया है। वे अपने अनर्गल बयानों से ही सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। मधुबनी कांड पर भाजपा नेता के आरोपों का जवाब पीड़ित परिवार ने ही दे दिया था। दरअसल, मधुबनी कांड के बाद सुशील मोदी ने तेजस्वी पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था। सुशील मोदी ने यह भी कहा था कि पं. बंगाल में बदलाव होने से बिहार के विकास में मदद मिलेगी और बिहारी मूल के लाखों लोगों को वहां रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
बिहार के युवा अब सबक सिखाएंगे
तेजस्वी ने कहा कि जात-धर्म की राजनीति करने वाली नीतीश कुमार और भाजपा सरकार को बिहार के युवा अब सबक सिखाएंगे। सरकार ने रोजगार के नाम पर हाथ खड़े कर दिए हैं। बिहार के युवाओं को 20 लाख नौकरियां देने का वादा पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। जबकि, राजद ने पहली कैबिनेट बैठक में ही 10 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था।

About Post Author

You may have missed