राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने लगाया गंभीर आरोप,आधी रात को ‘अटैची’ वाले अफसरों से मिलते हैं मंत्री जी..हंगामा..
पटना।बिहार विधानसभा में कार्यवाही के दौरान आज उस समय बड़ा हंगामा मच गया जब राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री शैलेश कुमार पर आधी रात के वक्त अटैची लेकर आए अफसरों के साथ मीटिंग करने का गंभीर आरोप लगा दिया।कार्यवाही के दौरान मंत्री शैलेश कुमार विभाग से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे,उसी वक्त राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री महोदय आधी रात के वक्त उन बड़े अधिकारियों से मीटिंग करते हैं,जो उनके यहां अटैची लेकर जाते हैं।राजद विधायक ने कहा कि अधिकारियों के साथ आधी रात को मीटिंग करने का क्या मकसद हो सकता है।राजद विधायक के इस आरोप के बाद सत्ता पक्ष के विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा मचाया तथा राजद विधायक के बयान पर घोर आपत्ति जताते हुए राजद विधायक से बयान पर माफी मांगने की मांग करने लगे।यह हंगामा प्रश्नोत्तर काल के दौरान हुआ।राजद विधायक के आरोप के बाद सत्ता पक्ष के विधायकों ने खेद प्रकट करने के लिए जमकर हंगामा किया।लेकिन राजद विधायक इस मामले पर खेद प्रकट करने को तैयार नहीं हुए। अंततः विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के दखल अंदाजी के बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह राजद विधायक ललित यादव ने भी भाजपा कोटे से कृषि मंत्री प्रेम कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे।ललित यादव ने सदन में कार्यवाही के दौरान कहा था कि कृषि विभाग में अधिकारियों- पदाधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए करोड़ों की राशि की वसूल जाती है।तब इस मामले को लेकर सत्तापक्ष के विधायकों ने बहुत बवाल मचाया था।आज भी राजद विधायक भाई वीरेंद्र के आरोप के दौरान कुछ इसी प्रकार का सीन देखने को मिला।


