December 3, 2025

पटना समेत कई जिलों में वज्रपात के साथ बारिश का अलर्ट, तापमान में नहीं होगा बदलाव, बढ़ेगी गर्मी

पटना। बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग ने पटना, गया, भागलपुर समेत 23 जिलों में आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
येलो और ऑरेंज अलर्ट की स्थिति
राज्य के दक्षिण-मध्य, दक्षिण-पूर्व और उत्तर-पश्चिम जिलों में वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम भाग के कुछ इलाकों में हालात ज्यादा गंभीर होने की संभावना के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की आशंका है, साथ ही वज्रपात का भी खतरा है।
तापमान में नहीं आएगा बदलाव, गर्मी बनी रहेगी
हालांकि मौसम में बदलाव देखा जा रहा है, लेकिन तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आने वाला है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी खास परिवर्तन की संभावना से इनकार किया है। इससे यह साफ है कि फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली। बादलों की मौजूदगी और उमस के कारण तापमान भले थोड़ा घटे, पर गर्मी का असर बना रहेगा।
गुरुवार का हाल और जिलेवार स्थिति
गुरुवार को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। कुल 27 जिलों में बारिश हुई, जिसमें सुपौल में सबसे अधिक 26.3 मिमी बारिश हुई। वहीं, गोपालगंज में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जो अब तक की सबसे तेज रही। डेहरी (रोहतास) राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांका में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है
कैमूर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में आंधी और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, नालंदा, जहानाबाद, गया, नवादा, बेगूसराय, शेखपुरा, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया जिलों में येलो अलर्ट है।
राजधानी पटना की स्थिति
पटना में शुक्रवार को भी बादल छाए रहने के आसार हैं। दोपहर में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन एक-दो जगहों पर ठनका और हल्की बारिश की भी संभावना है। गुरुवार को भी राजधानी में दिनभर बादल छाए रहे, दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली थी। इस कारण से दिन के तापमान में 0.7 डिग्री और रात के तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। पटना का अधिकतम तापमान 34.5 और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने जनता से सावधानी बरतने की अपील की है, विशेषकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को वज्रपात के खतरे से सतर्क रहने की जरूरत है। खुले स्थानों में बिजली गिरने की आशंका अधिक होती है, इसलिए सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

You may have missed