स्वतंत्रता दिवस पर पटना समेत राज्य के कई जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग का पूर्वानुमान जारी

पटना। राजधानी पटना समेत प्रदेशभर के अधिकतर हिस्सों में मानसून कमजोर होता हुआ नजर आ रहा है। उत्तर बिहार को छोड़कर राजधानी पटना समेत अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। इस बीच मौसम विभाग में 15 अगस्त तक कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि, 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन पटना, गया, नवादा, अरवल, औरंगाबाद, कैमूर खगड़िया, नालंदा, बक्सर, मुंगेर, रोहतास, वैशाली, शिवहर शेखपुरा, सारण में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। जानकारी के अनुसार, मौसम शुष्क रहेगा, जबकि राज्य के अन्य जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने पूर्वी व पश्चिम चंपारण, अररिया, किशनगंज में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। पटना समेत अन्य कुछ जिलों में सोमवार को बादल छाए रहने के साथ आंशिक बूंदाबांदी की संभावना है। वही अभी मानसून ट्रफ गोरखपुर, दरभंगा, मालदा होते हुए नागालैंड क गुजर रही है। इससे उत्तरी भागों में वर्षा की संभावना बनी हुई है। रविवार को उत्तरी भागों के पूर्वी चंपारण के ललबेगियाघाट में 97.0 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं अन्य जिलों में आंशिक बारिश हुई है। पटना में बारिश न होने से उमस रही और लोग पसीने से परेशान रहे। सोमवार को भी यहां उमस भरा मौसम रहने के आसार हैं।
