विधान परिषद में राबड़ी देवी का सरकार पर हमला, कहा- फिल्म टैक्स फ्री करने से भूख खत्म नहीं होगी

पटना। फिल्म द कश्मीर फाइल्स को बिहार में भी टैक्स फ्री कर दिया गया है। बीजेपी की ओर से इसकी मांग की गई थी। बिहार में द कश्मीर फाइल्स के टैक्स फ्री होते ही सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। आरजेडी और कांग्रेस ने फिल्म को टैक्स फ्री करने पर सवाल उठा रहे हैं। इन दिनों बिहार विधान परिषद में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी काफी मुखर रही है। विधान परिषद में राबड़ी देवी ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। बिहार में द कश्मीर फाइल्स को टैक्स फ्री करने पर विधान परिषद में राबड़ी देवी ने कहा कि टैक्स फ्री करने से भूख खत्म नहीं होती है। रोजगार और गरीबी पर काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र को गोधरा कांड पर भी फ़िल्म बनानी चाहिए। साथ ही राबड़ी देवी इस बार नहीं मनाएगी। सदन में उन्होंने कहा कि इस बार हम होली नहीं मनाएंगे। इससे पहले बुधवार को विधान परिषद में राबड़ी देवी ने कहा कि किस तरह से सत्र का संचालन वर्तमान सरकार कर रही है, वह हर कोई देख रहा है। सरकार उनकी है, वह जिस तरह चलाएं, जैसा सदन चले उसके बारे में क्या कहना। लेकिन जो कुछ हो रहा है, वह ठीक नहीं है।

वहीं बिहार विधान परिषद में भी सीएम-स्पीकर मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। राबड़ी देवी ने जोरदार तरीके से इस मुद्दे को उठाया था। वहीं इस दौरान जब सीएम नीतीश के मंत्री और सत्ताधारी दल के विधान पार्षदों ने उनका विरोध किया तो राबड़ी ने उन्हें दलाल तक बता दिया। बुधवार को बिहार के विधानसभा और विधान परिषद में द कश्मीर फाइल्स को टैक्स फ्री करने कि मांग उठ रही थी। जिसपर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने इस मामले पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया था। डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने फिल्म में कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार को बखूबी दिखाया है। फिल्म में अनुपम खेर, दर्शन कुमार, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी अहम भूमिका में हैं। आम आदमी से लेकर सेलिब्रेटी और राजनेता तक द कश्मीर फाइल्स की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। वहीं फिल्म ताबड़तोड़ कमाई भी कर रही है।