जदयू दफ्तर में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित; मंत्री श्रवण, सुनील और जयंत राज ने सुनी लोगों की शिकायतें
पटना। बुधवार को जदयू मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार एवं लघु व जल संसधान मंत्री जयंत राज ने प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से पहुंचे आम लोगों की शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित निराकरण हेतु सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। वही इस कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जदयू का दायरा और सीएम नीतीश कुमार की लोकप्रियता दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रही है। इसलिए भाजपा के लोग बेचैन है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा अपना अंतर्कलह छिपाने के लिए दुष्प्रचार फैला रही है। हमारे नेता नीतीश कुमार जो भी करते हैं बिहार के हित में करते हैं। भाजपा की तरह जुमलेबाजी करना हमारी सरकार का काम नहीं है। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जदयू हर तरह की स्थिति के लिए तैयार है। भाजपा मुक्त भारत बनाने के अभियान में हम मजबुती से जुटे हुए हैं और हमें पूर्ण विश्वास है कि 2024 लोकसभा चुनाव में बिहार के अंदर भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। बिहार सरकार के मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि नए साल को लेकर हमारा विभाग पूरी तरह से सतर्क है। खासतौर पर सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिक मुस्तैदी है। सूचना के आधार पर विभिन्न जगहों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जायेगा। जीतन राम मांझी के बयान पर सुनील कुमार ने कहा कि कुछ लोग सुर्खियों में बने रहने के लिए अनावश्यक बयानबाजी करते हैं। जब शराबबंदी कानून लागू हुआ था तब जीतन राम मांझी सदन में इसके पक्ष में वोट दिए थे। बिहार सरकार के लघु व जल संसाधन मंत्री जयंत राज ने कहा कि इंडिया गठबंधन की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है। जयंत राज ने आगे कहा कि उपेंद्र कुशवाहा को NDA में मान-सम्मान नहीं मिल रहा है इसलिए वो बेचैन हैं। वही इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश महासचिव अरुण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।


