September 13, 2025

‘पोस्टर वार’ के तहत कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया लोकतंत्र के ‘चीरहरण’ का आरोप।

पटना। कर्नाटक और गोवा में कांग्रेस की सरकार गिरने के बाद बिहार कांग्रेस भाजपा पर बुरी तरह से हमलावर हो गई है।राजधानी पटना के सड़कों पर ‘पोस्टर वार’ के तहत कांग्रेस ने कई बैनर-पोस्टरों के माध्यम से भाजपा पर राजनीतिक आक्रमण किया है। कांग्रेस द्वारा लगाए गए पोस्टर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को दुशासन के रूप में प्रस्तुत किया गया है।साथ ही लिखा गया है, लोकतंत्र का चीर हरण।इन पोस्टरों में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव सिद्धार्थ क्षत्रिय तथा ई.वेंकटेश रमन का नाम है। दरअसल,कर्नाटक तथा गोवा में विगत दिनों कांग्रेस गठबंधन की सरकार अल्पमत में आने के कारण सत्ता से बाहर हो गई।कांग्रेसी नेता इसके पीछे भाजपा के द्वारा विधायकों के खरीद-फरोख्त को मूल कारण बताते हैं। कांग्रेस का मानना है कि दोनों राज्यों में कांग्रेस गठबंधन के विधायकों को अनैतिक तरीके से अपने पाले में कर के भाजपा द्वारा जनता की चुनी हुई सरकारों को गिराया गया।इन पोस्टर के माध्यम से कांग्रेस ने भाजपा पर विधायकों के खरीद फरोख्त करने का आरोप लगाया है।कर्नाटक में हुए राजनीतिक तिकड़मबाजी के बाद से कांग्रेस भाजपा पर विधायकों को खरीद फरोख्त का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रही है।इसको लेकर कांग्रेस में आक्रोश है। बिहार में कांग्रेसियों के इस आक्रोश का असर देखने को मिल रहा है।पटना के विभिन्न चौराहे पर बिहार कांग्रेस के तरफ से पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दुशासन के रूप में दिखाया गया है।उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों  कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की गठबंधन वाली सरकार गिर चुकी है। दरअसल कर्नाटक विधानसभा में एचडी कुमारस्वामी ने विश्वासमत प्रस्ताव पेश किया था।जिसमें उनके पक्ष में 99 वोट पड़े, जबकि विरोध में 105 वोट पड़े। जिसके बाद मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने राजभवन जाकर राज्यपाल वजुभाई वाला को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वहां बीजेपी अब सरकार बनाने की तैयारी में है।ज्ञातव्य हो कि कर्नाटक और गोवा में कांग्रेस की सरकार गिरने के बाद कांग्रेस ने पोस्टर आक्रमण निती के तहत सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटना के कई चौराहों पर पोस्टर लगाए। पोस्टर में सीधे तौर पर भाजपा पर निशाना साधा गया है।

You may have missed