January 30, 2026

जनसंख्या नियंत्रण कानून समय की मांग, पूरे देश में सभी धर्म पर लागू हो : गिरिराज

पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर देश की आबादी के सुरसा के मुंह की तरह बढ़ने की बात कहते हुए इसे नियंत्रित करने के लिए कड़े कानून बनाने की फिर से वकालत की है। भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा है कि समय की मांग है कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए एक कड़ा कानून बने, जो पूरे देश में और सभी धर्म के लोगों पर लागू हो। उन्होंने कहा कि इस तरह के कानून की मांग संसद से सड़क तक उठानी चाहिए।
बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने कहा है कि हमारे पास सीमित संसाधन हैं। हमारी आबादी सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रही है। दस-दस बच्चे पैदा करने वाली विकृत मानसिकता पर भी अंकुश लगाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों में भारत आर्थिक प्रगति की रफ्तार में चीन से पिछड़ गया, लेकिन जनसंख्या वृद्धि में अपने पड़ोसी देश से आगे निकल गया।
बता दें गिरिराज की टिप्पणी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचार के बिल्कुल विपरीत है। नीतीश कुमार ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानूनी रास्ता अपनाए जाने के कदम को अस्वीकार किया है और बिहार का हवाला दिया है, जहां महिलाओं की शिक्षा में वृद्धि के साथ प्रजनन दर में गिरावट देखी गई है।

You may have missed