February 15, 2026

CNG बसों के परिचालन से प्रदूषण कम करने में होगी सहूलियत, एम्बुलेंस परिचालन से ग्रामीणों को होगा लाभ : नीतीश

  • CM नीतीश ने मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के अंतर्गत 350 एम्बुलेंस लाभुकों को सौंपी चाबी, पटना में 50 सीएनजी बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद के सामने आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के अंतर्गत 350 एम्बुलेंस लाभुकों को सौंपने के साथ-साथ पटना में 50 सीएनजी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से 5 एम्बुलेंस लाभुकों नालंदा के विनोद कुमार पासवान, बक्सर के महबूब अंसारी, भोजपुर के प्रदीप कुमार गुप्ता, कैमूर के प्रभुदयाल तथा पटना के संजीव कुमार ठाकुर को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर एम्बुलेंस सौंपा। कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री का स्वागत परिवहन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने हरित गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर किया।


कार्यक्रम के पश्चात पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि राजधानी पटना में सीएनजी बसों के परिचालन से प्रदूषण को कम से कम करने में सहूलियत होगी, पर्यावरण को सुरक्षित रखने में भी इससे मदद मिलेगी। इसे लेकर आज 50 सीएनजी बसों को रवाना किया गया है। सीएनजी बसों के परिचालन से लोगों को आवागमन में भी काफी सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमारी के समय गांव से शहरों के अस्पताल आने में काफी दिक्कत होती थी। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत सभी ब्लॉक में दो लाभुकों को एम्बुलेंस के क्रय पर अधिकतम 2 लाख रुपये अनुदान दिया जा रहा है। प्रथम चरण में इस योजना के अंतर्गत आज 350 एम्बुलेंस को लाभुकों को सौंपा गया है। अक्टूबर माह तक 800 एम्बुलेंस क्रय किया जायेगा। इस साल के अंत तक सभी प्रखंडों में दो लाभुकों को एम्बुलेंस प्रदान करने का निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस की सुविधा होने से कोरोना के साथ ही अन्य बीमारियों एवं सड़क दुर्घटना के शिकार होने की स्थिति में लोगों को अस्पताल तक ससमय पहुंचाया जा सकेगा। ग्रामीण इलाकों में एम्बुलेंस उपलब्ध रहे इसको लेकर इस योजना की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण को संरक्षित करने को लेकर पटना में 50 सीएनजी बसों का परिचालन शुरू किया गया है।


पटना के इन मार्गों पर सीएनजी बसों का किया जाएगा परिचालन
गांधी मैदान-दानापुर बस स्टैंड: 10 सीएनजी बस
गांधी मैदान- दानापुर रेलवे स्टेशन: 14
गांधी मैदान- बिहटा आईआईटी: 17
गांधी मैदान- पटना साहिब स्टेशन: 07
गांधी मैदान-दानापुर हांडी साहेब गुरुद्वारा: 02


सीएनजी बसों में उपलब्ध हैं ये सुविधाएं
1. सीएनजी बसों में ड्राइवर सहित कुल 32 सीटें हैं।
2. सभी बसें जीपीएस युक्त है, जिससे बसों का वास्तविक स्थान पता किया जा सकता है।
3. बसों में पैनिक बटन उपलब्ध है, जिसे आपातकालीन स्थिति में सहयोग हेतु उपयोग किया जा सकता है।
4. सभी बसों में सुरक्षा हेतु 3-3 सीसीटीवी कैमरा उपलब्ध है।
5. यात्रियों को मार्गो की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बसों के बाहर 3 डिस्प्ले बोर्ड एवं अंदर 1 डिस्प्ले बोर्ड उपलब्ध है।
6. बसों के अन्दर यात्रियों के लिए मोबाईल चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है।
7. बसों में आपातकालीन खिड़की हैं, आपातकाल के दौरान बाहर निकलने के लिए उपयोग किया जा सकता है।
8. बसों में पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम है।
9. महिला, ट्रांस्जेन्डर एवं दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित सीटों का प्रावधान किया गया है।

You may have missed