December 3, 2025

PM मोदी के बिहार दौरे को लेकर व्यापक व्यवस्था CM नीतीश के निर्देश पर होगी : मंत्री

पटना। जदयू के प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में भवन निर्माण मंत्री अशोक कुमार चौधरी सम्मिलित हुए। मंत्री ने प्रदेश भर के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम लोगों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और उसका समाधान किया एवं संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री श्री चौधरी ने बिहार में बाढ़ की आशंका एवं उस संदर्भ में सरकार की तैयारी से संबंधित सवाल के जवाब में कहा कि सरकार पूरे तौर पर तत्पर है और नजर रखी हुई है। राजद के विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन जाने से प्रदेश में बदलते राजनैतिक समीकरण के संदर्भ में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद भी वो विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर ही सामने आई थी। जदयू के राष्ट्रीय पार्टी बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर पार्टी और उसके नेता की यही चाहत होती है, परिणाम जनता को देना होता है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनाना चाहते हैं और उसके अनुरूप पार्टी में सभी लोग कार्य कर रहे हैं।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर पूरी व्यापक व्यवस्था मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर की जाएगी। राज्य सरकार उनके दौरे पर तमाम चीजों का बारीकी से ध्यान रखेगी। अग्निपथ योजना संबंधी सवाल पर कहा कि यह भारत सरकार की योजना है और हमारे सहयोगी दल भाजपा द्वारा उस संदर्भ में सारी बातें विस्तार से रखी जा रही हैं। उक्त अवसर पर विधान पार्षद रविन्द्र प्रसाद सिंह, मुख्यालय उपाध्यक्ष डॉ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी एवं मुख्यालय महासचिव अरुण कुमार सिंह मौजूद रहे।

You may have missed